संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। खालिस्तान समर्थक और संगठन वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल की गिरफ्तारी को लेकर जिला पुलिस अलर्ट हो गई है। पुलिस ने शनिवार शाम से ही पंजाब सीमा के लगते गढ़ी थाना के सामने दिल्ली-संगरूर नेशनल हाईवे पर नाकेबंदी कर दी है। वहीं राजकीय रेलवे पुलिस ने भी पंजाब की तरफ से आने वाली ट्रेनों में तलाशी अभियान चलाया, वहीं स्टेशन पर यात्रियों की भी जांच की गई। पंजाब की तरफ आने वाली हरियाणा और पंजाब की रोडवेज बसों की भी बारीकी से जांच की जा रही है। इसके अलावा हर छोटे से बड़े वाहवों की तलाशी ली जा रही है। जींद के लगती पंजाब सीमा पर सेना के जवानों को भी तैनात किया गया है। पंजाब सीमा के लगते हरियाणा के गांव पिपलथा, रसीदां, नारायणगढ़, डिडोंली, हंसडेहर, पदार्थखेड़ा, रेवर समेत अन्य गांवों में भी पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस जवानों को बुलेट प्रूफ जैकेट के साथ सीमा पर तैनात किया हुआ है।
शनिवार को जैसे ही पंजाब पुलिस की ओर से खालिस्तान समर्थक अमृतपाल पर कार्रवाई की सूचना के बाद हरियाणा पुलिस भी मुस्तैद हो गई। राजकीय रेलवे पुलिस ने शाम से ही रेलवे स्टेशन, प्लेटफार्म और पंजाब की तरफ से आने वाली पैसेंजर तथा सुपरफास्ट ट्रेनों में जांच अभियान चलाया। थाना प्रभारी स्नेहीराज पुलिस दल-बल के साथ शनिवार देर रात तक ट्रेनों में यात्रियों के सामान को खंगाला और यात्रियों से पूछताछ भी की गई। इसके अलावा रविवार को दिन में भी रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में जीआरपी की कार्रवाई लगातार जारी रही। हर संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली गई और उससे पूछताछ की गई। हालांकि जांच के दौरान कोई संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन रेलवे पर रविवार को भी जीआरपी पूरी तरह से मुस्तैद रही।
पुलिस का दावा पंजाब से भागने की फिराक में है अमृत पाल
जिला पुलिस ने गढ़ी थाना के सामने नाकाबंदी की हुई है। वहां 50 जवानों को तैनात किया गया है। खासकर पंजाब की तरफ से आने वाली हरियाणा तथा पंजाब रोडवेज की बसों को खंगाला जा रहा है, क्योंकि पुलिस दावा कर रही है कि खालिस्तान समर्थक अमृतपाल की पंजाब से भागने की फिराक में है। इसलिए वह रोडवेज बसों का सहारा लेगा। इसको लेकर पुलिस हर बस की तलाशी ले रही है। ट्रकों और छोटे वाहनों को भी रूकवाकर उनकी जांच कर ड्राइवरों से पूछताछ की जा रही है।
वर्जन
खालिस्तान समर्थक अमृतपाल की गिरफ्तारी को लेकर गढ़ी थाना के लगते पंजाब सीमा पर दिल्ली-संगरूर नेशनल हाईवे पर पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है। वहां पंजाब से आने वाले हर वाहन की तलाशी ली जा रही है। वहीं संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। जींद के लगे पंजाब सीमा पर अतिरिक्त पुलिस जवानों को तैनात किया गया है।
नरेंद्र बिजरानिया, एसपी, जींद।