गत वर्ष जिले में होली के हुड़दंग पर नागरिक अस्पताल में 50 एमएलआर कटी थी। होली के दिन 150 लोग मारपीट में घायल हुए थे। कई स्थानों पर बड़े हादसे हुए थे। इसमें जिले के बिटानी-कलावती के मध्य एक ढाबे पर विवाद में ढाबे पर तोड़फोड़ की गई थी। एक बाइक को आग लगा दी गई थी। इसके अलावा 15 से 20 लोगों पर मामले दर्ज हुए थे। गत वर्ष से सबक लेते हुए इस बार पुलिस प्रशासन ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मुस्तैद नजर आ रही है। कई गांवों में होली पर डीजे बजाकर नाचते समय भी विवाद हुए थे।
हुड़दंग के चलते होली के रंग में भंग नहीं पड़े इसके लिए जिला प्रशासन ने खास तैयारी की है। एक ओर जहां नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी में एक के बजाय तीन चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है, वहीं पुलिस भी किसी भी प्रकार की घटना से निपटने के लिए मुस्तैद रहेगी। नागरिक अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों को ऑन कॉल अस्पताल पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
सिविल सर्जन डॉ. जयभगवान जाटान ने कहा कि होली पर अतिरिक्त व्यवस्था की गई है। इमरजेंसी में आमतौर पर एक चिकित्सक की ड्यूटी होती है मगर मंगलवार को एक मेडिकल ऑफिसर के साथ दो आयुर्वेद चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है। ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट की भी ड्यूटी लगाई गई है। एक ईएमटी को भी विशेष रूप से मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। आमतौर पर एक स्टाफ नर्स, दो सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी इमरजेंसी वार्ड में रहती है, लेकिन होली पर तीन अन्य स्टाफ नर्स, दो अन्य सिक्योरिटी गार्ड तथा दो वार्ड हेल्पर की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ अन्य चिकित्सकों को भी ऑन कॉल अस्पताल में पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
रंग लगाने से नहीं फैलता कोरोना, फिर भी रखें परहेज
डॉ. जयभगवान जाटान ने कहा कि रंग लगाने या पानी डालने से कोरोना वायरस नहीं फैलता। कुछ लोगों में भ्रम है कि रंग लगाने से कोरोना वायरस फैलता है। यह भ्रमित करने की बातें है, लेकिन मौसम परिवर्तनशील है। इसलिए रंग तथा पानी से परहेज करते हुए केवल फूलों की होली खेलें। पानी डालने तथा रंग लगाने से लोग बीमार पड़ सकते हैं। आजकल रंग भी इतने खराब मिलते हैं कि आंख में लग जाए तो आंख खराब होने का खतरा रहता है, इसलिए पानी तथा रंगों से परहेज करते हुए आपसी भाईचारे व सौहार्द को बढ़ाने के लिए फूलों की होली खेलें।
आसानी से मिल रहे जिले में मास्क
डॉ. जयभगवान जाटान ने कहा कि अभी तक उनके पास ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है कि मेडिकल स्टोर पर मास्क नहीं मिल रहे हैं या अधिक पैसे में बेचे जा रहे हैं। फिर भी उन्होंने ड्रग कंट्रोल अधिकारी की इस बारे में ड्यूटी लगाई है कि यदि कोई मेडिकल स्टोर मालिक अधिक रुपये में मास्क बेच रहा है तो उस पर तुरंत कार्रवाई करें।
बाजार में व्यापारियों ने खेली फूलों की होली
पालिका बाजार के दुकानदारों ने सामूहिक रूप से होली मनाई। इस दौरान सभी व्यापारियों ने एकत्रित होकर फूलों व अबीर गुलाल से होली खेली। व्यापारी सुशील शर्मा ने बताया कि हर साल यहां मिलकर होली मनाते हैं।
जगह-जगह हुआ होलिका पूजन
होली के मौके पर सोमवार को दिनभर होलिका पूजन हुआ। महिलाओं व बच्चों ने आसपास बनाई गई होलिका की पूजा की और बच्चों के लिए मन्नतें मांगी। शाम के समय होलिका दहन किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस चाक चौबंद
होली के त्योहार पर शरारती तत्वों से निपटने के लिए पुलिस के सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं की वे अपनी ड्यूटी को बखूबी निभाएं। कोई भी कर्मचारी अपनी ड्यूटी में किसी प्रकार की कोताही बरतता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शहर में पुलिस की गश्त जारी रहेगी। अगर कहीं पर कोई व्यक्ति हुड़दंग करता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुष्पा खत्री डीएसपी जींद शहर।