शहर के बाजारों व मुख्य मार्गों पर दुकानदारों द्वारा किए जाने वाले अतिक्रमण और सड़क किनारे होने वाली वाहनों की पार्किंग पर अब पुलिस प्रशासन सख्त हो चला है। पुलिस ने साफ किया है कि पहले व्यापारियों को प्यार से समझाया जाएगा। इसके बावजूद भी अतिक्रमण किया जाता है तो कार्रवाई होगी। साथ ही मुख्य मार्गों व बाजार में गलत तरीके से पार्क किये वाहनों को भी पुलिस जब्त करेगी। इसको लेकर डीएसपी चंद्रपाल ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में व्यापार मंडल के प्रधान ईश्वर बंसल, अशोक कुमार, जयकुमार गोयल, राकेश शर्मा, प्रवीन धींगड़ा, जयभगवान सिंगला, बिजेंद्र कुमार, सुनील वशिष्ठ, बलवंत कथूरिया, सुरेश गर्ग, परमजीत, शिव चानन, सुरेश सैणी, रिंकु भारद्वाज, प्रवीन भोला के साथ यातायात थाना प्रभारी चरण सिंह, सब इंस्पेक्टर राजाराम, सब इंस्पेक्टर नरेश कुमार, आरएसए अभिनव कुमार मौजूद रहे।
गौरतलब है कि फिलहाल शहर पूरी तरह से अतिक्रमण से जूझ रहा है। इसके चलते जाम की स्थिति भी बनी रहती है। हालांकि बार-बार नगरपरिषद द्वारा अभियान चलाया जाता है लेकिन यह महज औपचारिकता ही है। कुछ दिन के बाद फिर से अतिक्रमण पांव पसार लेता है। ऐसे में इस बार पुलिस ने अतिक्रमण के खिलाफ पहल कदमी की है। इसका क्या असर होगा, यह समय ही बताएगा।
जाम से जूझते हुए शहर थाना पहुंचे डीएसपी
शाम करीब साढ़े तीन बजे व्यापारियों की बैठक डीएसपी चंद्रपाल के साथ तय हुई थी। इसके लिए डीएसपी चंदपाल शहर के बीचोंबीच स्थित शहर थाना में जाम से जूझते हुए पहुंचे। ऐसे में शहर थाना के ठीक सामने जाम की स्थिति हैरान करने वाली थी।
हर बाजार में बैठक कराएं पदाधिकारी
डीएसपी चंद्रपाल ने कहा कि सभी बाजारों के मुख्य व्यापारी अपने-अपने बाजार या मार्केट में दुकानदारों के साथ पुलिस अधिकारियों की बैठक करवाएं। इसमें पुलिस सभी को अपने तरीके से समझाएगी। इसके बाद भी जो लोग अतिक्रमण करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। जब बगलें झांकने लगे बाजारों के प्रधान
बैठक के दौरान एक व्यापारी ने कहा कि डीएसपी साहब पहले सभी प्रधानों से ही अतिक्रमण नहीं करने की शपथ ले लो। इस पर कई प्रधान बगलें झांकने लगे। गौरतलब है कि बाजार के कई एसोसिएशन के प्रधानों ने भी अपनी दुकानों के आगे अतिक्रमण किया हुआ है।
दुकान के बाहर सामान और रेहड़ी लगाने पर आपत्ति
डीएसपी चंद्रपाल ने कहा कि कुछ दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर सामान रखकर बेचते हैं और कुछ दुकानों के सामने रेहड़ी लगवाते हैं। ऐसा करने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
राहगीरों के लिए आफत बना है अतिक्रमण
शहर का अतिक्रमण राहगीरों के लिए आफत बना हुआ है। शहर की रानी तालाब मार्केट, गोहाना रोड, रोहतक रोड, एसडी स्कूल, सफीदों रोड, रेलवे रोड, मेन बाजार सहित तमाम बाजारों में दुकानों के आगे चार से 20 फीट तक सामान रख कर अतिक्रमण किया जा रहा है। इसके चलते पैदल चलने वाले लोगों को सड़क पर ही चलना पड़ता है। इससे हादसे होने की संभावना भी बढ़ जाती है।