गांव कुचराना कलां में मंगलवार देर शाम एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में जहर से मौत हो गई। मृतक के पत्नी ने एक किसान और उसके बेटे पर जबरदस्ती जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने बाप-बेटे पर हत्या और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार गांव कुचराना कलां निवासी कृष्ण (45) गांव के किसान प्रहलाद के खेतों में नियमित रूप से मजदूरी का काम करता था। बुधवार शाम को कृष्ण जहरीला पदार्थ निगलने के चलते बेसुध हालात में किसान प्रहलाद के घर पर पड़ा हुआ मिला। इसके बाद उसे उपचार के लिए उचाना अस्पताल में दाखिल कराया गया। जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पत्नी इंद्रों देवी ने आरोप लगाया कि उसके पति कृष्ण आरोपी किसान प्रहलाद के खेतों में नहीं जाने के चलते बुधवार उसे जबरदस्ती घर पर जहरीला पदार्थ पिलाकर उसकी हत्या कर दी। इस दौरान आरोपी उसके पति के साथ जातिसूचक गालियां देते थे और अक्सर उसके साथ मारपीट की जाती थी। इसलिए आरोपियों ने योजनाबंद तरीके से उसके पति की हत्या की है।
अलेवा थाना पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले लिया और सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। मृतक की पत्नी इंद्रों देवी की शिकायत पर किसान गांव कुचराना कलां निवासी प्रहलाद, उसके बेटे कुलबीर के खिलाफ हत्या और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
घर से जबरदस्ती बाइक पर बैठाकर लेकर गए
मृतक की पत्नी इंद्रों ने बताया कि उसका पति कृष्ण बुधवार को किसान प्रहलाद के खेतों में मजदूरी करने के लिए नहीं लगाया। इसके चलते शाम को प्रहलाद व उसका बेटा कुलबीर उसके घर पर पहुंचे और जातिसूचक गाली देकर जबरदस्ती बाइक पर बैठाकर अपने घर ले गए।
जहां पर आरोपियों ने अपने घर पर ले जाकर जबरदस्ती जहरीला पदार्थ पिलाकर हत्या कर दी। बाद में आरोपियों ने उसे बताया कि उसके पति ने घर में जहरीला पदार्थ पी लिया। उसने आरोप लगाया कि उसके पति को जबरदस्ती जहर पिलाया गया है।
अलेवा थाना प्रभारी रामनिवास ने बताया कि मृतक कृष्ण गांव के ही प्रहलाद के खेतों में मजदूरी का काम करता था। मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया है उसे किसान प्रहलाद और उसके बेटे कुलबीर ने जबरदस्ती जहरीला पदार्थ देकर हत्या की है। शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।