फोटो 20जेएनडी15-अर्जुन स्टेडियम में नशा मुक्त भारत जागरूकता कार्यक्रम में मौजूद खिलाड़ी। स्रोत
जींद। सेवा संकल्प अभियान के तहत अर्जुन स्टेडियम में नशा मुक्त भारत जागरूकता कार्यक्रम में खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान लगभग 250 खिलाड़ियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।
जिला खेल अधिकारी रामपाल ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य और जीवन को बर्बाद करने के साथ-साथ उसके परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। नशे की लत से व्यक्ति की शारीरिक एवं मानसिक क्षमता प्रभावित होती है और वह अपने परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन करने में भी सक्षम नहीं रह पाता।
उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे नशे से पूरी तरह दूर रहें और अपने साथियों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम है। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, शारीरिक क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। ऐसे में युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखा जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। सभी प्रतिभागियों ने नशा न करने, नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने और स्वस्थ एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने की शपथ ली। यह जागरूकता कार्यक्रम सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी एवं स्वस्थ जीवनशैली की भावना को बढ़ावा देने की दिशा में आयोजित किया गया।