07जेएनडी11: खेल नर्सरी में हुए हवन में शामिल होने वाले खिलाड़ी। संवाद
रामराय। भविष्य खेल एवं शिक्षा समिति की ओर से गांव घिमाना में संचालित कबड्डी एवं खो-खो खेल नर्सरी में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इसमें खेल नर्सरी में प्रशिक्षण ले रहे 500 से अधिक खिलाड़ियों के साथ ग्रामीणों और समिति पदाधिकारियों ने भाग लिया।
हवन यज्ञ का आयोजन स्वामी विवेकानंद आचार्य ने विधिवत रूप से करवाया। खिलाड़ियों और ग्रामीणों ने हवन में आहुति डालकर युवाओं को नशे से दूर रखने का संदेश दिया। इस दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, मेहनत और अच्छे संस्कारों को अपनाने की शपथ भी ली।
कार्यक्रम में भविष्य खेल एवं शिक्षा समिति के सचिव एवं कबड्डी कोच बिट्टू पहलवान, डीपी विनोद कुमार, घिमाना के सरपंच संदीप खोखर, खो-खो कोच ममता, नरेश जोशी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बिट्टू पहलवान ने कहा कि खेल युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम हैं। खेलों से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित होती है। भविष्य खेल एवं शिक्षा समिति का प्रयास है कि गांव-गांव में खेलों को बढ़ावा देकर बच्चों और युवाओं को बेहतर दिशा दी जाए।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। यदि युवा खेलों से जुड़ेंगे तो वे नशे सहित अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने समिति की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी सामाजिक व खेल गतिविधियों में सहयोग देने का भरोसा दिलाया।