जींद। एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता पूजा को हथवाला गांव में आयोजित सम्मान समारोह में शुक्रवार को सम्मानित किया गया। इस मौके पर राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा उपस्थित रहे।
इस दौरान हुड्डा ने कहा कि हमें गर्व है कि एशियन गेम्स में देश के 107 पदकों में से करीब एक तिहाई यानी 33 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते हैं। कहा कि पूर्ववर्ती हुड्डा सरकार की खेल नीतियों के कारण हरियाणा के खिलाड़ियों ने भारत मां की झोली को पदकों से भर दिया था लेकिन वर्तमान सरकार खिलाड़ियों के साथ उपेक्षापूर्ण व्यवहार कर रही है। खेल और खिलाड़ी किसी एक प्रदेश का नहीं बल्कि पूरे देश का होता है। पूर्ववर्ती हुड्डा सरकार ने खिलाड़ियों के हित की खेल नीति पदक लाओ, पद पाओ बनाकर हरियाणा को खिलाड़ियों की खान बना दिया। इस नीति का ही परिणाम रहा कि प्रदेश के युवाओं में खेल को करियर बनाने का नया जुनून तैयार हुआ और ओलंपिक, कामनवेल्थ, एशियन गेम्स और विश्व चैंपियनशिप में हरियाणा के खिलाड़ियों ने सबसे ज्यादा मेडल जीतकर देश की झोली में डाले। इस अवसर पर विधायक इंदु राज नरवाल, पूर्व विधायक सुल्तान सिंह जडोला, प्रो. वीरेंद्र, धर्मेंद्र ढुल, बलराम कटवाल, जगबीर ढिगाना, मोहित लाठर, सारंग शमशेर ढाठरथ मौजूद रहे।