फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जींद में आठ एकड़ में बनेगा एम्स : सांसद

Sat, 21 Nov 2015 01:04 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला जींद
विज्ञापन
विज्ञापन
सोनीपत लोकसभा क्षेत्र के सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि जींद में एम्स (ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस) अस्पताल खोला जाएगा। एम्स अस्पताल के निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल से भी बातचीत हो गई है।
विज्ञापन


इसके निर्माण को लेकर जगह की तलाश की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। आठ एकड़ में एम्स का निर्माण किया जाएगा। सांसद कौशिक शुक्रवार को शहर के भिवानी रोड स्थित श्री गौशाला में गोपाष्टमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा दिल्ली-खरखौदा-गोहाना-जींद से कटरा तक एक एक्सप्रेस-वे बनाने की मंजूरी भी प्रदान कर दी गई है। इस विकास परियोजना का सर्वे कार्य पूरा हो चुका है। आगामी छह माह में इस परियोजना पर निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा।
विज्ञापन


इस विकास परियोजना पर लगभग 20 हजार करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। जींद से कैथल, जींद से भिवानी तथा जींद से सफीदों-पानीपत रोड को भी नेशनल हाईवे का दर्जा प्रदान हो गया है। इन तीनों सड़कों को नेशनल हाईवे बनाया जाएगा।

नए साल में शुरू हो जाएगी रेलवे लाइन
सांसद ने कहा कि सोनीपत-गोहाना-जींद रेलवे लाइन का निर्माण कार्य भी आगामी दिसंबर माह के अंत तक पूरा करवा दिया जाएगा। जनवरी 2016 के प्रथम सप्ताह में यह रेलवे लाइन शुरू हो जाएगी। रोहतक-जींद-भठिंडा रेलवे लाइन के विद्युतीकरण का काम भी जारी है, जिस निर्धारित समयावधि में पूरा करवाया जाएगा।

सांसद ने बताया कि केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद सोनीपत लोकसभा क्षेत्र के लिए लगभग 18 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने ने कहा कि आज किसानों के पास जोत की भूमि काफी कम रह गई है।

ऐसे में इस भूमि का सही प्रयोग हो सके इसके लिए जींद में बागवानी विश्वविद्यालय का रिजनल सेंटर भी स्थापित करवाया जाएगा। इस अवसर पर उचाना कलां की विधायक प्रेमलता, बीजेपी जिला अध्यक्ष ओपी पहल, उपाध्यक्ष डॉ. राज सैनी, युवा भाजपा के जिला उपाध्यक्ष विजेंद्र मोर, अर्पण बंसल समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

जाटों को मिलना चाहिए आरक्षण : प्रेमलता
उचाना की भाजपा विधायक प्रेमलता ने कहा कि जोत का रकबा लगातार कम होता जा रहा है और खेती के अलावा जाटों के पास आमदनी का कोई दूसरा साधन भी नहीं है। इसके चलते जाट समुदाय आर्थिक तौर पर कमजोर हो रहा है। इसलिए जाटों को आरक्षण दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब यादव को आरक्षण मिल सकता है तो जाटों को आरक्षण क्यों नहीं मिल सकता। वह जाट आरक्षण की पक्षधर हैं और उन्हें आरक्षण दिलवाने के लिए सरकार से सिफारिश करेंगी।

बेसहारा गायों को गोशाला में दिलवाया जाएगा आश्रय
सांसद ने श्री गौशाला सेवा समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कहा कि गऊ हिंदू संस्कृति का अहम एवं अभिन्न हिस्सा है। गऊ को वेदों पुराणों में भी अहम स्थान दिया गया है। प्रदेश सरकार द्वारा गौ संवर्धन एवं संरक्षण को लेकर पारित किए गए अधिनियम की सराहना की। उन्होंने कहा कि सड़कों पर घूम रही बेसहारा गायों व नंदियों को गोशाला में आश्रय दिलवाने के लिए योजना बनाई गई है। इस योजना के तहत सभी पंजीकृत गौशालाओं को पांच-पांच लाख रुपये की राशि उपलब्ध करवाई जाएगी।

साहब! माइनर, तालाब व जलघर में नहीं पानी, आरओ का करेंगे क्या
जुलाना। सांसद साहब माइनर, तालाब व जलघर में पानी तक नहीं हैं। ऐसे में आरओ कैसे कामयाब होगा। गांव में पानी की किल्लत पिछले 10 वर्षों से हैं। महिलाओं ने कहा कि पानी ढोते-ढोते सिर गंजा हो गया है। किलाजफरगढ़ गांव की महिलाओं ने आरओ व चौपाल का उद्घाटन करने पहुंचे सोनीपत के सांसद रमेश कौशिक का रास्ता रोककर सांसद पर जमकर अपनी भड़ास निकाली। बेशक महिलाएं सांसद से फरियाद लगाने की मुद्रा में थी, लेकिन उनकी बातों से गुस्सा साफ झलक  रहा था। सांसद में जल्द से गांव में पेयजल मुहैया करवाने का आश्वासन दिया है।

किलाजफरगढ़ गांव की महिलाओं ने कहा कि गांव के तालाब व जलघर सूखे पड़े हैं। माइनर में कई वर्षों से पानी नहीं आ रहा है। पशुओं को पानी पिलाने एवं बच्चों को नहाने के लाले पड़े हुए हैं। सिर पर पानी ढोते-ढोते उम्र बीत गई है और सिर पर बाल नहीं रहे हैं। पानी की किल्लत को देखकर आत्महत्या करने का मन करता है।

महिलाओं ने सांसद रमेश कौशिक से पानी की किल्लत दूर करने की मांग की। सांसद कौशिक ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि गांव में पेयजल की किल्लत को दूर कर दिया जाएगा। जुलाना विकास के मामले में पिछड़ा हुआ है सरकार को इस बात से अवगत करा दिया गया है।

सांसद ने चौपाल की मरम्मत और गांव के विकास कार्यों के लिए 20 लाख रुपये राशि देने की घोषणा की। इस अवसर पर महिला मोर्चा की प्रधान पुष्पा तायल, हलका युवाध्यक्ष अर्जुन पंडित, मंडलमंत्री सतीश सांगवान, सुरेंद्र फौजी व अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें