फोटो 25जेएनडी25-लितानी रोड पर सड़क के बीच में बना गहरा गड्ढा। स्रोत राहगीर
उचाना। जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से लितानी रोड पर पेयजल पाइप लाइन बिछाने के बाद सड़क की हालत वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। पाइप लाइन डालने के लिए सड़क की खुदाई की गई थी। इसके बाद कुछ स्थानों पर मिट्टी डालकर लेवल बराबर कर दिया गया लेकिन कई जगह गहरे गड्ढे अभी भी बने हुए हैं। रेलवे स्टेशन चौक से नगर पालिका की तरफ जाने वाली सड़क के बीच बना गड्ढा विशेष रूप से हादसों को न्योता दे रहा है।
फसल सीजन के चलते इस मार्ग से अनाज से भरे लोडिंग वाहनों का लगातार आवागमन रहता है। ऐसे में सड़क पर बने गड्ढों के कारण वाहनों की क्रॉसिंग के दौरान दुर्घटना का खतरा बना रहता है। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। राहगीरों और दुकानदारों का कहना है कि कई बार विभाग को समस्या से अवगत करवाया गया है, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ।
वाहन चालक राजेश, सुरेश, सुरेंद्र और बलवान ने बताया कि कई दिन पहले पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़क की खुदाई की गई थी। इसके बाद गड्ढों को पूरी तरह ठीक नहीं किया गया। दोपहिया वाहन चालक कई बार चोटिल होने से बचे हैं। वहीं, अनाज से भरे भारी वाहनों के पलटने का खतरा भी बना हुआ है। उन्होंने विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत करवाने की मांग की है।
शिकायत मिलने पर तुरंत करवाएंगे मरम्मत
जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ नवीन मुंडे ने कहा कि अभी तक उनके पास इस संबंध में कोई शिकायत नहीं आई है। यदि सड़क पर गड्ढे बने हुए हैं तो उन्हें तुरंत प्रभाव से ठीक करवाया जाएगा। आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।