फार्मासिस्टों के सामूहिक अवकाश के दूसरे दिन मरीजों को दवाई तो मिली, लेकिन लंबी-लंबी लाइनों में लगने के बाद। मरीजोें को दो से तीन घंटे इंतजार करना पड़ा। नागरिक अस्पताल प्रशासन ने स्कूल हेल्थ परियोजना में लगे पांच फार्मासिस्टों को दवाई वितरण कक्ष में बैठाया। दवाई वितरण के कार्य में यह लोग इतने एक्सपर्ट नहीं होने के कारण इन्हें दवाई वितरित करते समय काफी समय लग रहा था। इस कारण मरीजों को कई-कई घंटे बाद दवाई मिल रही थी। गर्मी के कारण मरीजों, खासकर बुजुर्गों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं सिविल सर्जन कार्यालय के बाद फार्मासिस्टों ने धरना देकर स्वास्थ्य विभाग व मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। फार्मासिस्टों ने अपना सामूहिक अवकाश एक दिन और बढ़ा दिया। अब एक दिन और मरीजों को परेशानी में गुजारना पड़ेगा।
नागरिक अस्पताल में 11 फार्मासिस्ट कार्यरत हैं। इसके अलावा पूरे जिले में विभिन्न पीएचसी, सीएचसी में 41 फार्मासिस्ट हैं। मांगों को लेकर एसोसिएशन गवर्नमेंट फार्मासिस्ट ऑफ हरियाणा के आह्वान पर सोमवार से दो दिन का सामूहिक अवकाश ले लिया था। फार्मासिस्ट के हड़ताल पर जाने से नागरिक अस्पताल, पीएचसी व सीएचसी में दवाई वितरण का कार्य बाधित हो गया। सोमवार को तो दवाई वितरण कक्ष की चाबी भी फार्मासिस्टों के पास ही रही। मंगलवार को दवाई वितरण कक्ष की चाबी मिलने के बाद नागरिक अस्पताल प्रशासन ने स्कूल हेल्थ परियोजना के पांच फार्मासिस्टों को दवाई वितरण का कार्य सौंपा। मगर दवा वितरण का कार्य इतना धीमा था कि मरीजों की तीन-तीन लंबी-लंबी लाइनें दवा वितरण खिड़की के बाहर लग गई। इससे मरीजों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। बुजुर्ग लोगों को खासकर परेशानी हुई।
दूसरी यूनियनों ने किया समर्थन
एसोसिएशन गवर्नमेंट फार्मासिस्ट ऑफ हरियाणा के जिला प्रधान मनीराम व पवन जैन ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने उनकी मांगों वेतन विसंगति दूर कर 4600 ग्रेड पे देने, प्रमोशन चैनल लागू करने, नए पद सृजित करने, डिप्टी डायरेक्टर का पद भरने, पदनाम बदलकर फार्मेसी ऑफिसर करने, विभिन्न परियोजनाओं में कार्यरत फार्मासिस्टों को पक्का करने पर कोई विचार नहीं किया। इस कारण उन्होंने अपना सामूहिक अवकाश एक दिन और बढ़ा दिया है। यहां सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर फार्मासिस्टों ने धरना दिया और स्वास्थ्य विभाग व स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्वास्थ्य विभाग की तालमेल कमेटी ने भी फार्मासिस्ट एसोसिएशन का समर्थन किया। उनके धरने में शामिल रहे।
काम बाधित नहीं होने दिया जाएगा
फार्मासिस्टों ने सोमवार को चाबी नहीं दी थी। अब मंगलवार को चाबी मिलने से दवाई वितरण का कार्य सुचारू रूप से किया गया। मरीजों को कोई परेशानी नहीं हुई। स्कूल हेल्थ परियोजना के पांच फार्मासिस्टों की ड्यूटी दवाई वितरण के लिए लगा दी थी। बुधवार को फार्मासिस्टों की संख्या बढ़ा दी जाएगी। मरीजों को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
डॉ. शशि प्रभा, सिविल सर्जन, जींद।
27जेएनडी13 : सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर धरने पर नारेबाजी करते फार्मासिस्ट व अन्य कर्मचारी नेता।