जिले में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को आठ लोगों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। वहीं ईंटल गांव निवासी व्यक्ति की मौत हो गई है। व्यक्ति को दो दिन पहले कोरोना संक्रमित पाया गया था। उसकी दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई है। बड़ी बात यह है कि मरने वाले की भांजी भी कोरोना संक्रमित मिली है। मरने वाला ईंटल गांव निवासी व्यक्ति को लीवर की बीमारी थी। पांच दिन पहले पीजीआई रोहतक में दाखिल हुआ था। वहीं उसकी जांच की गई थी।
बुधवार को कोराना संक्रमित मिलने वालों में एक युवक शादियों में नाचने का काम करता है। वहीं पहले से पॉजिटिव आए पुलिस कर्मी की पत्नी भी शामिल है। दूसरी तरफ साले की सगाई से लौटा व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया है। केमिस्ट की दुकान पर कार्य करने वाला युवक भी कोरोना पॉजिटिव मिला है। इसके अलावा एक व्यक्ति लकड़ी का कार्य करने वाला है तो दूसरा व्यक्ति टीबी का मरीज है। एक पॉजिटिव व्यक्ति का पता स्वास्थ्य विभाग नहीं ढूंढ पाया है। आठ संक्रमितों के साथ जिले में कुल 158 कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा पहुंच गया है। कोरोना से संक्रमित हुए सात लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से दो संक्रमित व्यक्तियों की रिपोर्ट मौत के बाद निगेटिव आई है। 99 लोग कोरोना को हरा चुके हैं। फिलहाल जिले में 55 एक्टिव केस हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इनमें से 11 लोग जिले के बाहर से हैं।
नरवाना में डांसर मिला संक्रमित
नरवाना के इंदिरा कॉलोनी निवासी 21 वर्षीय युवक शादियों में डांस करता था। वह 27 व 28 जून को शादी में गया था। इसके बाद से वह अस्वस्थ था। इसी बीच युवक ने एक निजी अस्पताल में इलाज भी करवाया। निजी अस्पताल में हुए टेस्ट में उसे मलेरिया बताया गया था। छह जून को युवक ने नरवाना के नागरिक अस्पताल में कोरोना जांच के लिए सैंपल दिया था। वह पॉजिटिव पाया गया है। शादी समारोह में शामिल हुए लोगों की जानकारी जुटाने में स्वास्थ्य विभाग जुट गया है।
टीबी मरीज मिले पॉजिटिव, एक का नहीं चल रहा पता
नरवाना के नागरिक अस्पताल से टीबी की दवा लेने वाला गांव डूमरखां कलां निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला है। इसने खांसी तथा बुखार के चलते छह जुलाई को सैंपल दिया था। बुधवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसे घर में ही आइसोलेट किया गया है। वहीं नरवाना के सैनी मोहल्ला निवासी 62 वर्षीय व्यक्ति को भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। इसके बाद से व्यक्ति द्वारा दिए नंबर पर संपर्क नहीं हो रहा है। यह नंबर किसी दूसरे व्यक्ति का है। अब स्वास्थ्य विभाग उसे तलाश कर रहा है।
मामा के संपर्क में आने से भांजी हुई संक्रमित
बुधवार को पीजीआई में जिस व्यक्ति की मौत हुई है, उसकी भांजी भी कोरोना संक्रमित पाई गई है। संक्रमित व्यक्ति की बहन कुछ दिन पहले अपनी बेटी व बेटे के साथ भाई का हालचाल जानने ईंटल आई थी। व्यक्ति के संक्रमित मिलने पर जब संपर्क में आए लोगों की जांच की गई तो उसकी भांजी भी संक्रमित मिली।
मरने वाला नहीं कोरोना संक्रमित
बुधवार को आठ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मरने वाला व्यक्ति फिलहाल कोरोना संक्रमित नहीं था। उसकी रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। इनमें से अधिकतर लोग ऐसे हैं, जो दूसरे कोरोना संक्रमित लोगों के संपर्क में आए हैं। इनके संपर्क में आने वालों की जांच की जा रही है।
डॉ. पालेराम कटारिया, नोडल अधिकारी
तीन शादीपुर तो एक करसोला निवासी मिला पॉजिटिव
जुलाना। क्षेत्र में एक दिन में लगातार दूसरी बार चार कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इनमें से एक करसोला गांव से व तीन शादीपुर गांव से हैं। करसोला गांव निवासी वृद्ध सांस की दिक्कत होने पर 6 जुलाई को जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दवा लेने पहुंचा था। चिकित्सकों ने उसके कोरोना के लिए सैंपल लिए तो वह पॉजिटिव मिला। बुजुर्ग को होमो आइसोलेट कर दिया गया है। शादीपुर गांव में कोराना पॉजिटिव के संपर्क में आई उसकी पत्नी भी संक्रमित मिली है। इसके अलावा जिस केमिस्ट शॉप से कोरोना संक्रमित युवक दवाई लेकर जाता था, उस शॉप पर काम करने वाले वर्कर भी पॉजिटिव पाया गया है। यह युवक लिजवाना कलां निवासी है। शादीपुर निवासी युवक पॉजिटिव मिला है। यह लकड़ी का मिस्त्री है। 22 जून को गुरुग्राम अपनी पत्नी के साथ बाइक पर सवार होकर गया था। युवक अपने साले के एक कार्यक्रम में गया था।
करसोला और शादीपुर में चार को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों के सैंपल लिए हैं। सभी संक्रमितों को होम आइसोलेट किया गया है।
रेणुका मलिक, इंचार्ज, कोविड केयर सेंटर जुलाना।
संक्रमित के संपर्क में आए लोगों के सैंपल लेने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम।- फोटो : Jind