संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत रविवार को शहीद मेजर संजीव लाठर राजकीय महाविद्यालय जुलाना में अंत्योदय मेले का आयोजन किया। इसकी अध्यक्षता एसडीएम होशियार सिंह ने की।
इस मेले में लोगों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी हासिल की और पात्रों ने मौके पर आवेदन भी किए। इसमें कैप्टन योगेश बैरागी ने बताया कि परिवार पहचान पत्र में वार्षिक आय एक लाख रुपये से कम वाले पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से यह मेला आयोजित किया गया।
उन्होंने कहा कि 19 विभागों ने स्टॉल लगाकर 47 जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण भी किया। एसडीएम होशियार सिंह ने बताया कि मेले में जुलाना विधानसभा क्षेत्र के करीब तीन हजार अंत्योदय परिवारों को आमंत्रित किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
मेले में पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, रोजगार, उद्यान, ग्रामीण विकास, मत्स्य पालन और अनुसूचित जाति वित्तीय और विकास निगम सहित 19 विभागों ने स्टॉल लगाए। अधिकारियों ने पेंशन, छात्रवृत्ति, स्वरोजगार, मुद्रा लोन और कौशल प्रशिक्षण योजनाओं की जानकारी देकर लोगों की समस्याओं का समाधान भी किया। इस अवसर पर बीडीपीओ प्रवीन कुमार, सहायक मेला सुपरवाइजर नवीन कुमार, योगेश, दिलावर और सुरेश मौजूद रहे।