06जेएनडी23-पेयजल समस्या को लेकर दिल्ली-पटियाला हाईवे पर जाम लगाते हुए। संवाद
नरवाना। ढाकल और धर्मसिंह कॉलोनी में पिछले कई दिन से पेयजल की समस्या बनी हुई है। वीरवार को ढाकल गांव और कॉलोनी के लोगों का धैर्य जवाब दे गया और वह जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय पहुंच कर पटियाला हाईवे जाम कर दिया।
इसकी सूचना मिलने पर जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पेयजल का जल्द समाधान करवाने का आश्वासन दिया तो वह सहमत हो गए। जाम लगभग दस मिनट लगा रहा। इससे हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लाइन लग गई। जाम खुलने के बाद ही वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।
वीरवार को ढाकल और धर्म सिंह कॉलोनी के 25-30 लोग जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय पहुंचे और उन्होंने करीब साढ़े 11 बजे पटियाला हाईवे जाम कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही जनस्वास्थ्य विभाग के जेई कुशलपाल और सुरेंद्र कुंडू मौके पर पहंंचे। उन्होंने जाम लगा रहे लोगों की समस्या को सुना। उनका कहना था कि इतनी भीषण गर्मी पड़ रही है और घरों में पिछले कई दिनों से पानी नहीं आ रहा है। पीने का पानी न आने से उनको दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस तपती गर्मी में लोग छबील लगाकर पानी पिला रहे है तो प्रशासन की अनदेखी से घरों में पानी नहीं आ रहा है। पिछले कई दिनों से घर में पानी की एक बूंद नहीं पहुंची।
महिलाओं का कहना था कि सीवरेज की समस्या भी बहुत ज्यादा गंभीर है, क्योंकि सीवरेज रुके रहते है। जब विभाग को इसकी सूचना देते हैं तो मशीन लगाकर एक बार के लिए निजात दिला देते हैं, लेकिन वह फिर से भर जाता है। इस पर अधिकारी ने उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा। इसके बाद जाम लगा रहे लोग सहमत हो गए और उन्होंने जाम खोल दिया। ि
06जेएनडी23-पेयजल समस्या को लेकर दिल्ली-पटियाला हाईवे पर जाम लगाते हुए। संवाद