बिजली निगम द्वारा पिछले तीन दिनों से जले ट्रांसफार्मर को नहीं बदले जाने से नाराज लोगों ने जींद-असंध मार्ग पर अलेवा के मुख्य चौक पर आधा घंटा जाम लगा दिया। जाम लगने की सूचना मिलते ही अलेवा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को बिजली निगम के एसडीओ कुलदीप से बात करवाकर जाम को खुलवाया। जाम लगने के कारण दोनो ओर वाहनों की लंबी-लंबी लाइन लग गई। लोगों ने कहा कि बीडीपीओ कार्यालय के सामने रखा ट्रांसफार्मर पिछले तीन दिनों से जला हुआ है। बिना बिजली के दुकानदारों व कॉलोनी के लोगों को पिछले तीन दिनो से गर्मी का प्रकोप सहने के साथ ही अंधेरे के साए में रात बिताने को विवश होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सोमवार को बिजली निगम से जला हुआ ट्रांसफार्मर बदलवाकर कर लाया गया था, लेकिन इसके बाद भी बिजली निगम के कर्मचारियों द्वारा ट्रांसफार्मर रखने की जहमत नही उठाई जा रही है। बिजली निगम नगूरां के अलावा अलेवा 33 केवी पावर हाउस में कार्यरत कर्मचारियों को भी इसकी शिकायत की जा चुकी है। बावजूद इसके किसी भी निगम कर्मचारी ने लोगों की समस्या का समाधान नहीं किया। पिछले तीन दिनों से बिना बिजली के रात को गर्मी व मच्छरों के सताए बच्चे रोते रहते हैं। बिना बिजली के कॉलोनी के लोगों को पीने का पानी लाने के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। एएसआई सत्यवान व महाबीर ने एसडीओ से बात कर जल्द समस्या का समाधान कराने का आश्वासन देकर लगभग आधे घंटे से लगा जाम खुलवा दिया।
जींद-असंध मार्ग पर हाईवे का निर्माण हो रहा है। साथ में पानी निकासी के लिए नाली बनवाई जा रही हैं। नाली निर्माण के दौरान ट्रांसफार्मर गिर गया था। इस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रांसफार्मर बदल दिया गया है। लोगों को किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।
-कुलदीप सिंह, एसडीओ अलेवा बिजली निगम।