08जेएनडी05: बैठक में मौजूद पेंशनर्स । स्रोत : संगठन
- फोटो : Self
जींद। पेंशनर्स समाज की कोर कमेटी की बैठक बुधवार को ब्राह्मण धर्मशाला में प्रधान ईश्वर शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक का संचालन सचिव उदयभान सैनी ने किया। इसमें ऑल इंडिया स्टेट पेंशनर्स फेडरेशन के चुनाव और पेंशनर्स की लंबित मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यन मुदगिल, प्रेम सिंह बांगड़, कोषाध्यक्ष शक्ति लाल और भलेराम बूरा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि राज्य कार्यकारिणी में लिए गए निर्णयों के अनुसार ऑल इंडिया स्टेट पेंशनर्स फेडरेशन के चुनाव को लेकर आवश्यक तैयारियां की जाएंगी। साथ ही सरकार से पेंशनर्स की वर्षों से लंबित मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की मांग की गई। बैठक में 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूरी करने पर 10, 15 और 20 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन देने, मेडिकल भत्ता एक हजार रुपये से बढ़ाकर तीन हजार रुपये प्रतिमाह करने व सभी बीमारियों के लिए कैशलेस उपचार सुविधा लागू करने की मांग उठाई गई। इसके अलावा पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, एक जनवरी 2020 से एक जुलाई 2021 तक के महंगाई भत्ते (डीए) के बकाये का छह प्रतिशत ब्याज सहित भुगतान करने और हरियाणा में कौशल रोजगार व्यवस्था समाप्त कर स्थायी नियुक्तियां करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।