जींद। जिले में जींद-सफीदों स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण का रास्ता फरीदाबाद में वन विभाग को 37 एकड़ जमीन मिलने से साफ हो गया है। इसके बाद अब जींद-सफीदों स्टेट हाईवे की चौड़ाई सात मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर किए जाने के की आखिरी बाधा दूर हो गई है। इसके अलावा नरवाना क्षेत्र में राजा वाली गोहर पर पक्की सड़क निर्माण का रास्ता भी साफ हो गया है।
जींद- सफीदों स्टेट हाईवे की चौड़ाई सात मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर किए जाने की घोषणा मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 2021 में की थी। इस स्टेट हाईवे की चौड़ाई बढ़ाने के लिए जींद और सफीदों के बीच लगभग 6700 हरे भरे पेड़ काटने के लिए वन विभाग से लोक निर्माण विभाग ने एनओसी मांगी थी। एनओसी देने के लिए वन विभाग ने लोक निर्माण विभाग से लगभग 27 एकड़ जमीन की मांग की थी। जींद में लोक निर्माण विभाग के पास वन विभाग को पौधरोपण के लिए देने को 27 एकड़ जमीन उपलब्ध नहीं थी।
इसी तरह नरवाना में राजा वाली गोहर को पक्का करने के रास्ते में भी काफी संख्या में हरे-भरे पेड़ बाधा बने हुए थे। इन पेड़ों को काटने के लिए भी लोक निर्माण विभाग ने वन विभाग से एनओसी मांगी थी। यहां भी एनओसी के लिए वन विभाग ने लोक निर्माण विभाग से लगभग 10 एकड़ जमीन उसे पौधरोपण के लिए दिए जाने की शर्त लगाई थी।
बॉक्स
हरियाली के नुकसान की होगी भरपाई
अब वन विभाग को जींद में जींद-सफीदों स्टेट हाईवे की चौड़ाई बढ़ाने और नरवाना के राजा वाले गोहर पर पक्की सड़क के निर्माण के लिए काटे जाने वाले पेड़ों की भरपाई के लिए 37 एकड़ जमीन फरीदाबाद में मिली है। फरीदाबाद में इस जमीन पर वन विभाग पौधे लगाकर स्टेट हाईवे और नरवाना में राजा वाली गोहर पर पक्की सड़क के निर्माण के लिए काटे जाने वाले हरे भरे पेड़ों से हरियाली को होने वाले नुकसान की भरपाई करेगा।
बॉक्स
70 करोड़ से बढ़ेगी हाईवे की चौड़ाई
जींद-सफीदों स्टेट हाईवे की चौड़ाई सात मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर किए जाने पर लगभग 70 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह हाईवे जींद और सफीदों को नेशनल हाईवे नंबर 152-डी से कनेक्ट करता है। दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस हाईवे से भी जींद की कनेक्टिविटी इसी स्टेट हाईवे से होगी। इस कारण हाईवे की चौड़ाई जल्द बढ़ना जरूरी है। इसके अलावा यह अब जींद जिले का सबसे बिजी और तंग हाईवे होने के कारण सबसे ज्यादा सड़क हादसों वाला हाईवे भी बना हुआ है।
बॉक्स
वन विभाग को 37 एकड़ जमीन फरीदाबाद में मिल गई है। यह जमीन जींद-सफीदों स्टेट हाईवे की चौड़ाई सात मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर किए जाने के लिए हजारों पेड़ काटने की एवज में मिली है। नरवाना में राजा वाली गोहर पर जो पेड़ हैं, उन्हें काटने की एनओसी अब लोक निर्माण विभाग को वन विभाग से जल्द मिल जाएगी।-राजकुमार नैन, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग