सफीदों। विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम मनीष कुमार फोगाट ने कहा कि विधानसभा चुनाव हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की अहम कड़ी है। संविधान में हम सभी को समान अधिकार दिया गया है। चुनाव के दौरान सफीदों विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न राजनीतिक पार्टियां तथा उम्मीदवार आपस में समरसता व सौहार्द का वातावरण बनाए रखें। चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाना हम सभी कि नैतिक जिम्मेदारी होती है। इससे हमारे क्षेत्र की छवि साफ-सुथरी बनी रहे और अन्य क्षेत्रों में भी सम्मान बढ़े।
उन्होंने सभी राजनीतिक पार्टियों, प्रत्याशियों से आह्वान किया कि चुनाव में किसी बात को लेकर आपस में द्वेष पैदा नहीं होना चाहिए। खासतौर से जनसभा या रोड शो के दौरान दूसरी पार्टी या प्रत्याशी के कार्यकर्ता आपस में व्यवधान पैदा न करें। उन्होंने चुनाव प्रत्याशी व राजनीतिक दलों से कहा कि रोड शो के लिए आवेदन करते समय जो रूट प्रशासन को बताया जाएगा, अनुमति मिलने के पश्चात उसमें परिवर्तन नहीं किया जा सकता। राजनीतिक पार्टियों के पदाधिकारी यह ध्यान रखेंगे कि एक पार्टी अपना रोड़ शो निकाल रही है और उनका भी वही रूट है तो दो-तीन घंटे के अंतराल में वहां से गुजरें। रोड शो में केवल चुनाव प्रचार किया जा सकता है। कोई उग्र प्रदर्शन नहीं होना चाहिए। इसके अलावा रोड शो की वजह से यातायात बाधित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आदर्श चुनाव आचार संहिता की पालना करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा चुनाव को संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें।