फोटो 05जेएनडी18-निजी नशा मुक्ति केंद्र का दौरा करते एसडीएम पुलकित मल्होत्रा। स्रोत प्रशासन
- फोटो : samvad
सफीदों। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति का जीवन बर्बाद नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करता है। नशे के कारण व्यक्ति का शारीरिक, मानसिक और आर्थिक जीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है। नशा मुक्त समाज का निर्माण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है।
एसडीएम पुलकित मल्होत्रा वीरवार को सफीदों स्थित एक निजी नशा मुक्ति केंद्र का दौरा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपचाराधीन मरीजों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें नशे से दूर रहकर नई व स्वस्थ जिंदगी शुरू करने के लिए प्रेरित किया। दौरे के दौरान एसडीएम ने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
उन्होंने स्टाफ से केंद्र के लाइसेंस, कर्मचारियों की संख्या, चिकित्सकों की उपलब्धता और मरीजों को दिए जा रहे उपचार की जानकारी ली। साथ ही इलाज की प्रक्रिया के बारे में भी चर्चा की। एसडीएम ने केंद्र के स्टाफ को निर्देश दिए कि मरीजों को सकारात्मक सोच के साथ नशा छोड़ने के लिए लगातार प्रेरित किया जाए। उपचार पूरा होने के बाद स्वस्थ होकर घर लौटने वाले मरीजों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलवाई जाए, ताकि वे अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर सकें। इस मौके पर डॉ. गौरव यादव, काउंसलर डॉ. आरती भी मौजूद रही।