गांव अमरावली खेड़ा में गांव के विकास को लेकर चल रही ग्राम सभा में पंच द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर ग्राम सचिव से हाथापाई और दुर्व्यवहार करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने ग्राम सचिव की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है।
ग्राम सचिव गांव कालवा निवासी विनोद ने पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तीन अगस्त को गांव अमरावली खेड़ा में विकास का खाका तैयार करने के लिए ग्राम सभा की बैठक की गई थी। जब गांव के विकास के लिए रणनीति तैयार की जा रही थी तो इसी दौरान पंच रामबीर अपने साथी पूर्व सरपंच संजय, विष्णु को साथ लेकर पहुंचे और हंगामा करना शुरू कर दिया। जब उसने इनका विरोध किया तो आरोपी हाथापाई पर उतर आए और उसके साथ दुर्व्यवहार किया। बाद में ग्राम सभा में मौजूद पंचायत के सदस्यों ने बीच बचाव करके मामले को शांत किया। पुलिस ने ग्राम सचिव की शिकायत पर पंच रामबीर, पूर्व सरपंच संजय, विष्णु के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है।