संसद भवन के बाहर स्मॉग फैलाने के आरोप में पकड़ी गई गांव घसो खुर्द निवासी नीलम को उसके भाई रामनिवास ने भरोसा दिलाया कि उसे घबराने की जरूरत नहीं है, उसके साथ पूरा देश खड़ा है। नीलम का 22 दिसंबर को दिल्ली पुलिस ने नारको टेस्ट भी करवाया। जब उसे दिल्ली में अदालत में पेश किया जा रहा था तो रामनिवास ने नीलम से यह बात कही।
हालांकि उसको नीलम से बात नहीं करने दी, लेकिन पास से गुजर रही नीलम को रामनिवास ने आवाज लगाकर यह बात कही। 29 दिसंबर को नरवाना में नीलम के समर्थन में विभिन्न किसान संगठनों, सामाजिक संगठनों और छात्र संगठनों द्वारा प्रदर्शन करके ज्ञापन सौंपा जाएगा।
नीलम के भाई ने बताया कि अभी उन्हें एफआईआर की कॉपी नहीं मिली है। नीलम पर यूएपीए लगाया गया है या नहीं, इसकी भी जानकारी नहीं है। चार जनवरी को हाईकोर्ट में उनके वकील एफआईआर की कॉपी लेने के लिए बहस करेंगे। इसके बाद छह जनवरी को नीलम को फिर अदालत में पेश किया जाएगा। रामनिवास ने कहा कि नीलम ने बेरोजगारों की आवाज उठाई है।
उसने कोई अपराध नहीं किया है। पूरा देश नीलम के साथ खड़ा है। जल्द ही नीलम जेल से बाहर आएगी। रामनिवास ने कहा कि उनके घर प्रतिदिन लोग उनका आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए आ रहे हैं। पंजाब से भी काफी लोग उनका समर्थन करने आए हैं।
29 दिसंबर को नरवाना में होने वाले विरोध प्रदर्शन में हजाराें की संख्या में लोग भाग लेंगे। कई छात्र यूनियनों के लोग भी इस प्रदर्शन का हिस्सा रहेंगे। ज्ञापन के माध्यम से नीलम को बरी करने की मांग की जाएगी।