नरवाना। धर्म सिंह कॉलोनी में रविवार को पांचाल समाज की ओर से एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के नवनियुक्त प्रधान मुकेश पांचाल ने पूर्व कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान महेंद्र पांचाल, पूर्व सचिव दयानंद पांचाल और पूर्व कैशियर जगदीश पांचाल को शॉल व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान समाज के विकास और एकजुटता पर भी चर्चा की गई। समारोह में नवनियुक्त प्रधान मुकेश पांचाल के साथ नवनिर्वाचित सचिव सुरेंद्र पांचाल और कैशियर राजेंद्र पांचाल भी मंच पर उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि समाज के वरिष्ठ सदस्यों के मार्गदर्शन से समाज को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में पांचाल समाज के अनेक वरिष्ठ व गणमान्य लोग मौजूद रहे। इनमें जयसिंह, ओमप्रकाश, रणधीर, जयकिशन, मदन, सुब सिंह, श्रीराम, विनोद, रोहतास, सुरेश, रामनारायण, राजवीर, कृष्णा, सुभाष और ईश्वर सहित कई अन्य सदस्य शामिल रहे।
इसके अलावा नरवाना शहर के साथ-साथ आसपास के गांव मोहलखेड़ा, ढाकल, इस्माइलपुर, कलौदा और हमीरगढ़ से भी समाज के वरिष्ठ व जागरूक सदस्य कार्यक्रम में पहुंचे। कार्यक्रम के अंत में समाज के लोगों ने आपसी भाईचारे और एकजुटता के साथ समाज के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।