जींद। देवीलाल चौक के पास शनिवार रात को चोरों ने चार दुकानों के ताले तोड़ दिया। चोर दुकानों से राशि तथा अन्य सामान भी चोरी कर ले गए। एक साथ चार दुकानों में चोरी होने की घटना पर दुकानदारों ने रोष प्रकट करते हुए एसपी जींद से गश्त बढ़ाने की मांग की है।
शनिवार रात को देवीलाल चौक के आसपास चोरों ने एक कन्फेक्शनरी, हेयर सैलून, मोबाइल शॉप तथा सीमेंट की दुकान को निशाना बनाया। कन्फेक्शनरी की दुकान का ताला टूटा तो मकान मालिक को पता चल गया। चोर वहां से भाग निकला। हेयर सैलून के यहां से लगभग 300 रुपये की नकदी चोरी कर ली। मोबाइल शॉप से भी कुछ नकदी तथा सीमेंट स्टोर से 700 रुपये और फोन को चोरी कर लिया। दुकानदार विनय, पवन, शंभू ने बताया कि उनकी दुकानों के ताले तोड़े गए हैं और राशि भी चोरी हुई है।
लगातार बढ़ रहीं चोरी की वारदात
शहर में लगातार चोरियों की भरमार है। इसके बाद भी पुलिस चोरियों को रोकने के लिए कोई कारगर कदम नहीं उठा रही है। पुलिस को कारगर कदम उठाने की जरूरत है। अलर्ट होने और कड़े कदम उठाने की जरूरत है। दुकानदारों ने एसपी से मांग की है कि चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए अलग से पुलिसकर्मियों की डयूटी लगाई जाए जो कि पूरी रात शहर में गश्त पर रहें। इसके अलावा प्रशासन को चाहिए कि शहर में हर चौराहे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि सीसीटीवी फुटेज सामने आने पर चोरों का पता चल सके।
शहर में चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। पिछले दिनों बैंक रोड पर आधा दर्जन से ज्यादा दुकानों के ताले तोड़े गए थे। पिछली चोरियों का तो अभी खुलासा भी नहीं हो पाया था अब देवीलाल चौक के पास चार दुकानों के ताले तोड़े गए है। ऐसे में पुलिस को सतर्कता बरतते हुए गश्त बढ़ाने की जरूरत है ताकि चोरियों की वारदात रुक सकें।
- डॉ. राजकुमार गोयल, अध्यक्ष, जींद विकास संगठन।
रात को ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं चौक-चोराहों पर पुलिस की तैनाती की जाएगी। चोरी की वारदात करने वालों को पकड़ने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जाएंगे।
- वीरेंद्र सिंह, प्रभारी, शहर पुलिस थाना जींद।