जींद। उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा ने शुक्रवार को समाधान प्रकोष्ठ की समीक्षा बैठक में अधिकारियों से कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है ताकि कोई भी शिकायत दोबारा न खोलनी पड़े। समाधान प्रकोष्ठ पर अब तक कुल 10,020 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें से 8,494 का निपटान किया जा चुका है।
वर्तमान में 90 शिकायतें लंबित हैं जबकि 180 शिकायतें खोली गई हैं। डीसी ने विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि बेहतर कार्यप्रणाली अपनाई जाए और सभी शिकायतों पर की गई कार्रवाई का सटीक व पूर्ण एटीआर निर्धारित समय पर अपलोड किया जाए।
समाधान शिविर से संबंधित बैठकों में विभागाध्यक्ष स्वयं उपस्थित हों और अपने विभाग से संबंधित प्रत्येक शिकायत की विस्तृत रिपोर्ट व समाधान स्थिति लेकर आएं। डीसी ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं चंडीगढ़ से समाधान शिविरों की निगरानी करते हैं। ऐसे में अधिकारी अपने कार्य के प्रति पूर्ण गंभीरता दिखाएं।
सभी उपायुक्तों को अपने जिलों में नियमित आंतरिक समीक्षा बैठकें आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में एडीसी विवेक आर्य, एसडीएम सत्यवान मान, डीएमसी सुरेंद्र सिंह, सीटीएम मोनिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।