20जेएनडी35 : जनसंवाद कार्यक्रम में राशन लेकर पहुंची महिला। संवाद
सफीदों। गांव मालसरी खेड़ा, सिवानामाल, कारखाना तथा सिंघाना में सोमवार को जनसंवाद कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और उनके निराकरण के लिए अधिकारियों को आदेश दिए। गांव कारखाना में एक महिला राजकली सांसद के सम्मुख कच्चा राशन लेकर पहुंची और उसने आरोप लगाया कि वह अपने लड़के की गर्भवती पुत्रवधू के लिए गांव की आंगनबाड़ी में राशन लेने के लिए गई थी लेकिन वहां पर मौजूद आंगनबाड़ी कर्मी ने उसे पका हुआ राशन देने की बजाय कच्चा राशन थमा दिया गया और वह भी बेहद खराब हालत में था। जिस पर वहां पर मौजूद आंगनबाड़ी हेल्पर ने बताया कि आंगनबाडी में आज दलिया बनाया गया था लेकिन अधिक लोग आने की वजह से वह खत्म हो गया था। इसकी वजह से महिला का साफ-सुथरा कच्चा राशन दिया गया था। राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा ने राशन देखा और महिला एवं बाल विकास विभाग की जिलाधिकारी सुलोचना कुंडू से इस बारे में जवाब तलब किया। इस पर जिलाधिकारी सुलोचना कुंडू ने बताया कि किसी भी महिला को कच्चा राशन देने के आदेश नहीं है और उन्हें पका हुआ राशन देने के लिए कहा गया है। जिस पर राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा ने आंगनबाड़ी स्टाफ के खिलाफ की कार्रवाई के निर्देश दिए।
राज्यसभा सांसद ने सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता को एक समस्या का गोलमोल जवाब देने पर फटकार लगाई। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी सरोज देवी को निर्देश दिए कि वह सामाजिक सुरक्षा पेंशन की समस्या को लेकर आने वाले बुजुर्गों की समस्या का तुरंत समाधान करें ताकि किसी वरिष्ठ नागरिकों को चक्कर न काटने पड़े। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार पहले चल रही व्यवस्था को बदल कर आज की नई तकनीक पर कर रही है जिससे की आम आदमी घर बैठे ही सरकारी सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकता है। इस परिवर्तन के दूरगामी परिणाम होंगे और जिसका सीधा लाभ आम आदमी तक पहुंचेगा।
जनसंवाद कार्यक्रमों में राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार हर वर्ग की भलाई के लिए कार्य कर रही हैं। सरकार की सोच है कि अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से पहुंचे। उन्होंने कहा कि अपर स्तर की समस्याओं को मुख्यमंत्री तक ले जाने का काम करेंगे क्योंकि वे मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में उनके गांव में आए हैं। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वे अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें और नशे की बुराई से दूर रखे। जिस घर में बच्चों को अच्छे संस्कार दिए जाते है व घर खुशहाल तो रहता ही है और उनके बच्चों द्वारा प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करने का भी जज्बा पैदा हो जाता है। इस मौके पर सफीदों के एसडीएम मनीष फौगाट, जीएम रोडवेज कमलजीत चहल, पिल्लूखेड़ा के नायब तहसीलदार लोकेश शर्मा, सफीदों के बीडीपीओ राज सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सरोज देवी, जिला शिक्षा अधिकारी ज्योति श्योकंद, सीडीपीओ सुलोचना कुण्डू, डीसीपीओ सुजाता व अन्य विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे।