28जेएनडी03-मांगों को लेकर सीएमओ के नाम ज्ञापन सौंपते हुए एनएचएम कर्मचारी।
जींद। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) हरियाणा के कर्मचारियों ने विभाग की ओर से प्रस्तावित जीओ फेंसिंग उपस्थिति प्रणाली को अस्वीकार करते हुए सीएमओ के नाम डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. संदीप को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने इसे न केवल निजता के अधिकार का उल्लंघन बताया है, बल्कि इसे उनकी व्यक्तिगत स्वतंत्रता और साइबर सुरक्षा के लिए भी खतरनाक करार दिया है।
राज्यस्तरीय ऑनलाइन बैठक में यह सामने आया कि जीओ फेंसिंग प्रणाली के तहत कर्मचारियों को अपने व्यक्तिगत मोबाइल डेटा और लोकेशन जानकारी साझा करने के लिए मजबूर किया जाएगा। संघ के प्रदेश महामंत्री जितेंद्र वत्स व प्रदेश कार्यालय सचिव गौरव सहगल ने कहा कि आज हरियाणा प्रदेश के एनएचएम कर्मचारियों में डर का माहौल है। एनएचएम कर्मचारियों ने जीओ फेंसिंग प्रणाली को लागू नहीं करने और कर्मचारियों की अन्य मांगों पर तत्काल समाधान की अपील की है।
उन्होंने कहा कि यदि विभाग ने इन मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो एनएचएम कर्मचारी बड़े आंदोलन की घोषणा कर सकते हैं। ऐसे में चाहिए कि लंबित वेतन वृद्धि और ग्रेच्युटी का तत्काल भुगतान हो। साइबर खतरों से बचाव के लिए वैकल्पिक उपस्थिति प्रणाली की व्यवस्था हो। कर्मचारियों की निजता का सम्मान करते हुए जीओ फेंसिंग प्रणाली को वापस लिया जाए।