13जेएनडी28: महात्मा गांधी मार्ग पर टी प्वाईंट पर खुला पड़ा नाला। संवाद
सफीदों। शहर के महात्मा गांधी मार्ग पर बना खुला नाला शहरवासियों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। इस समस्या की तरफ ना तो प्रशासन और ना ही नगरपालिका का कोई ध्यान है। लोग इस समस्या को प्रशासन के समक्ष कई बार उठा चुके हैं लेकिन अभी तक इस समस्या की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया।
शहरवासियों ने इस खुले नाले का स्थाई समाधान करने की मांग उठाई है। गौरतलब है कि कि सफीदों नगर के गंदे पानी की निकासी के लिए शहर से महात्मा गांंधी मार्ग होते हुए एक बड़ा नाला रामपुरा जाने वाली डिच ड्रेन में मिलाया गया है। यह नाला कई स्थानों से खुला पड़ा है। सबसे अधिक खराब स्थिति तो महात्मा गांधी मार्ग से मकबरा पीर रोड के टी-प्वाईंट पर है। यहां पर चौपहिया तथा दुपहिया वाहनों का भारी आवागमन है। कई बार इसमें गिरकर वाहन चालक व राहगीर चोटिल हो चुके हैं। इस खुले नाले पर बचाव के लिए कोई दीवार तक नहीं निकाली गई है। दुकानदारों व राहगीरों ने बताया कि यह खुला नाला एक प्रकार से मौत का सामान बन चुका है। नाले को तो कई जगह से खुला तो छोड़ दिया गया लेकिन वहां आसपास न तो कोई घेरा लगाया गया था और न कोई चेतावनी के संकेत लगाए गए। महात्मा गांधी मार्ग पर हर रोज हजारों वाहनों का आवागमन है और नगर का सबसे व्यवस्तम मार्ग है।
इसके अलावा इस नाले में सफाई व्यवस्था का भारी अभाव है। नाले पर पूरे नगर की निकासी का बोझ है लेकिन यह नाला गंदगी से अटा पड़ा है। पालिका कर्मी कभी-कभी आते हैं लेकिन वे मात्र औपचारिकता निभाकर चले जाते हैं। यहीं स्थिति रही तो किसी भी वक्त कोई भी बड़ा हादसा घटित हो सकता है। लोगों ने प्रशासन व पालिका से मांग की कि इस खुले नाले को बंद करवाया जाए या इन स्थानों पर दीवार बनाई जाए ताकि लोग इसमें गिरने में बच सकें।
वर्जन
टेक्निकल टीम को मौके पर भेजकर मुआयना करवाया जाएगा। टीम की रिपोर्ट के आधार पर एस्टीमेट बनाकर वहां काम शुरू करवाया जाएगा। 15 दिनों के भीतर समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।
रविंद्र कुमार, सचिव, नगरपालिका सफीदों।
13जेएनडी28: महात्मा गांधी मार्ग पर टी प्वाईंट पर खुला पड़ा नाला। संवाद