02जेएनडी05: चंडीगढ में एसीएस समेत अन्य अधिकारियों की बैठक लेकर मेडिकल कॉलेज को निर्धारित समय म
जींद। हैबतपुर में बनाए जा रहे मेडिकल काॅलेज में अगस्त माह तक ओपीडी शुरू की जाएगी। इसको लेकर जींद विधानसभा क्षेत्र से विधायक एवं विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने चंडीगढ़ में एसीएस समेत अन्य अधिकारियों की बैठक लेकर निर्देश दिए। डिप्टी स्पीकर ने मेडिकल काॅलेज के साथ ही पैरामेडिकल काॅलेज को भी शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि इसके लिए एडमिशन प्रक्रिया को जल्द से जल्द शुरू किया जा सके।
डिप्टी स्पीकर डाॅ. कृष्ण मिड्ढा ने स्पष्ट किया कि तय समयावधि में अगर ओपीडी शुरू नहीं होती है तो इसके लिए संबंधित अधिकारी जिम्मेवार होंगे। इस बैठक में एसीएस सुधीर राजपाल, एचआरडीसी के मैनेजिंग डायरेक्टर, जींद मेडिकल कालेज के ऑफिसिएटिंग डायरेक्टर राजीव महेंद्र मौजूद रहे।
डिप्टी स्पीकर ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2026 में एमबीबीएस कक्षाओं को लेकर विभाग हरसंभव प्रयास कर इसकी शुरुआत करे। इसके अलावा नागरिक अस्पताल जींद में जो ट्रामा सेंटर स्थापित करने की प्रक्रिया है, उस पर भी विभाग त्वरित कार्रवाई अमल में लाए। जिले में स्वास्थ्य, चिकित्सा, शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हर संभव काम करेंगे। वर्ष 2025 में हर हाल में लोगों को हैबतपुर मेडिकल कॉलेज में ओपीडी की सुविधा मिल जानी चाहिए। संबंधित विभागीय अधिकारियों को तीन माह का समय दिया गया है, ताकि यहां ओपीडी शुरू हो सके। डिप्टी स्पीकर ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार हर वर्ग को साथ लेकर सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास की नीति पर काम कर रही है। सरकार का एक ही प्रयास है कि पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे।
बाक्स
पहले प्रोजेक्ट था 565 करोड़ का और अब हो गया 1085 करोड़ का
हैबतपुर मेडिकल काॅलेज का निर्माण कार्य जब शुरू हुआ था तो इसकी निर्माण कीमत लगभग 565 करोड़ थी। समय के साथ-साथ लागत बढ़ती गई और अब इस प्रोजेक्ट की कीमत 1085 करोड़ हो गई है। डिप्टी स्पीकर डाॅ. कृष्ण मिड्ढा ने स्पष्ट किया कि हैबतपुर मेडिकल काॅलेज निर्माण कार्य में देरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बजट को लेकर सरकार के पास कोई कमी नहीं है। साथ ही मेडिकल काॅलेज निर्माण कार्य की गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए।