15जेएनडी22: जींद नागरिक अस्पताल। संवाद
- फोटो : credit
जींद। मौसम में बदलाव के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने सरकारी अस्पतालों में ओपीडी का समय बदल दिया है। शुक्रवार से जींद के नागरिक अस्पताल सहित उपमंडल स्तर के अस्पतालों में मरीजों की जांच सुबह नौ बजे से शुरू होगी और दोपहर तीन बजे तक चलेगी। गर्मियों में ओपीडी सुबह आठ बजे शुरू होकर दोपहर दो बजे तक चलती थी। नई व्यवस्था के तहत पर्ची बनवाने और दवा लेने का समय भी सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक निर्धारित किया गया है।
नागरिक अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. रघुवीर पूनिया ने बताया कि ओपीडी, दवा वितरण और जांच से जुड़े समय में बदलाव के निर्देश सभी चिकित्सकों को जारी कर दिए गए हैं। यह व्यवस्था आगामी 15 अप्रैल तक लागू रहेगी। मरीज अस्पताल पहुंचने से पहले नए समय का ध्यान रखें, ताकि उन्हें जांच और दवा लेने में परेशानी न हो।
दोपहर 12 बजे तक लिए जाएंगे सैंपल
अस्पताल की लैब में खून सहित अन्य जांचों के लिए सैंपल सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक लिए जाएंगे। इसके बाद जांच रिपोर्ट दोपहर डेढ़ से दो बजे के बीच उपलब्ध कराई जाएगी। अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों को सलाह दी है कि जांच करवाने के लिए निर्धारित समय के भीतर पहुंचें, ताकि सैंपल देने और रिपोर्ट लेने की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
तापमान में उतार-चढ़ाव से बढ़ीं वायरल की शिकायतें
दिन में गर्मी और रात में ठंडक के कारण अस्पतालों में सर्दी, खांसी और बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद मौसम में ठंडक बढ़ी है। नागरिक अस्पताल में रोजाना 100 से अधिक मरीज बुखार, सर्दी और खांसी की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।
बाक्स
वायरल संक्रमण में गले में खराश, खांसी, जुकाम, तेज बुखार, कंपकंपी, थकान और बदन दर्द जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसे लक्षण होने पर चिकित्सक की सलाह लेकर उपचार करवाना चाहिए। बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य व साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।
-डॉ. रघुवीर पूनिया, पीएमओ नागरिक अस्पताल जींद।