जींद। सीआईए स्टाफ सफीदों ने 235 ग्राम सुल्फा के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान जामनी गांव निवासी जगबीर सिंह के रूप में हुई है। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नशा निरोधक अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है।
सीआईए स्टाफ पुलिस को 22 मार्च देर शाम सूचना मिली थी कि जामनी निवासी जगबीर नशीला पदार्थ बेचने का काम करता है। वह अपने गांव के पास नशीला पदार्थ बेचने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस रिटौली रोड पर रजवाहा के पास पहुंची। वहां पुलिस को एक व्यक्ति दिखाई दिया, जो पुलिस की गाड़ी को देखकर पीर की तरफ जाने लगा, लेकिन पुलिस ने उसका पीछा कर पकड़ लिया। आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम जामनी गांव निवासी जगदीश बताया। बाद में पुलिस ने नायब तहसीलदार विकास कुमार की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 235 ग्राम सुल्फा बरामद हुआ।