28जेएनडी24: शहर में एक मकान के अंदर फ्रीज की ट्रे में लारवा की जांच करते स्वास्थ्यकर्मी। स्रोत
- फोटो : पुलिस मुठभेड में पकडा गया आरोपी अर्जुन उर्फ पुतला
जींद। जिले में स्वास्थ्य विभाग को चिकनगुनिया व डेंगू का एक-एक मरीज मिले हैं। अब तक डेंगू संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 102 पहुंच गई है। जबकि चिकनगुनिया के 16 मामले दर्ज किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की लगातार सतर्कता व बचाव अभियान चलाए जाने के बावजूद भी संक्रमण के मामलों में कमी नहीं आ रही।
स्वास्थ्य विभाग को जांच रिपोर्ट में 38 वर्षीय युवक डेंगू से संक्रमित मिला। वहीं, रामराय गेट निवासी 42 वर्षीय महिला चिकनगुनिया से संक्रमित मिली। विभाग की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में फॉगिंग, लार्वा सर्वे, और घर–घर स्क्रीनिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
एनसीडी व अर्बन हेल्थ सेल सहित ग्रामीण स्वास्थ्य इकाइयों के कर्मचारी लगातार लोगों को मच्छर जनित रोगों से बचाव संबंधी नियमों एवं सावधानियों के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
जिले के नोडल अधिकारी डॉ. बिजेंद्र ढांडा ने आमजन से विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि डेंगू और चिकनगुनिया से बचाव तभी संभव है। जब हम अपने आसपास पानी जमा न होने दें। थोड़ी सी लापरवाही संक्रमण को बढ़ा देती है। बुखार, शरीर दर्द, व जोड़ों में दर्द जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें निरंतर सक्रिय हैं लेकिन जब तक आमजन खुद नियमों का पालन नहीं करेगा संक्रमण पर रोक लगाना मुश्किल है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी चिकित्सा संस्थानों को निर्देश दिए कि संदिग्ध मरीजों की तुरंत जांच कर रिपोर्ट पोर्टल पर अपडेट करें ताकि बीमारी की समय पर ट्रैकिंग और रोकथाम संभव हो सके।