संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। गोहाना मार्ग पर निडानी गांव के पास बुधवार को कंटेनर और पिकअप की भिड़ंत हो गई। हादसे में पिकअप सवार पंजाब, सुनाम शहर के सुभाष नगर निवासी 75 वर्षीय शमशेर की मौत हो गई। वहीं, चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सुनाम निवासी शक्ति अपने कन्वीनर शमशेर के साथ पिकअप में बुधवार को गोहाना की तरफ जा रहा था। जब वह गांव निडानी के पास पहुंचे तो सामने से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी पिकअप को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए और कंटेनर बीच सड़क पर पलट गया, जिससे कुछ देर के लिए वाहनों का आवागमन भी बाधित हो गया। चालक कंटेनर को मौके पर छोड़कर भाग गया।
राहगीरों ने पिकअप चालक और कन्वीनर को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शमशेर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, शक्ति की गंभीर हालत देख पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। शक्ति और शमशेर पंजाब से गैस गीजर लोड करके दिल्ली जा रहे थे, रास्ते में यह हादसा हो गया।
जांच अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।