जींद। उचाना थाना क्षेत्र के चाणक्य इंटरनेशनल स्कूल में तीन सहपाठियों ने एक छात्र आशु को बाथरूम में बंद कर उस पर चाकू से हमला कर दिया। घायल छात्र का नागरिक अस्पताल में उपचार कराया गया। छात्र के पिता ने बताया कि हमलावर ने कंधा, बाजू और टांग पर चाकू मारे हैं। उचाना थाना पुलिस ने आरोपी छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
खटकड़ निवासी आशु ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह चाणक्य इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ता है। वह कक्षा में बैठा था। इस दौरान कक्षा के ही दो विद्यार्थी उसके व उसके दोस्त के पास आए और उसके दोस्त से जॉकेट मांगने लगे। उसके दोस्त ने जॉकेट देने से मना कर दिया। इसको लेकर मारपीट हुई। पांच फरवरी को दोपहर दो बजे वह बाथरूम करने गया था तभी पीछे से करसिंधू निवासी दो छात्र और उचाना निवासी एक साथ पहुंच गए। उन्होंने उसे बाथरूम में बंद कर दिया। एक छात्र ने पहले उसके कंधे और फिर बाजू पर चाकू मारा। जब वह भागने लगा तो उसने उसकी टांग पर भी दो चाकू मारे। मौके पर जब सचिन पहुंचा तो आरोपियों ने उसे भी मारने की कोशिश की। उचाना थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं उचाना थाना प्रभारी दिलबाग ने बताया कि स्कूल में बच्चों का झगड़ा हुआ था। इसमें तीन बच्चों ने एक 12वीं कक्षा के बच्चे पर चाकू से हमला कर दिया। इस मामले में तीनों बच्चों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
स्कूल प्राचार्य पर लगाए गुमराह करने के आरोप
छात्र के पिता कृष्ण ने बताया कि उसके पास स्कूल की प्राचार्य का फोन आया कि उसके बेटे का झगड़ा हुआ है। इसमें उसको चोट लगी है। जब वह प्राचार्य कक्ष में गया तो उसको बताया गया कि उसके बेटे को झगड़े में पैन मारा गया है। बेंडेड लगवाई गई है। जब उन्होंने घर आकर कपड़े निकलवाए तो शरीर पर कई जगह चाकू लगने के निशान मिले। वह तुरंत नागरिक अस्पताल जींद में लेकर गया और अपने बेटे का उपचार करवाया।