26जेएनडी01-गोहाना रोड पर लू से बचने के लिए कपड़ा ओढे वाहन चालक। संवाद
- फोटो : Samvad
जींद। नौतपा के दूसरे दिन मंगलवार को भीषण गर्मी का असर सुबह से ही दिखाई दिया। सूरज निकलते ही तेज धूप और गर्म हवा ने लोगों को बेहाल कर दिया। सुबह के समय ही तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे दोपहर में हालात और अधिक खराब हो गए।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी बुधवार को गर्मी और बढ़ने की संभावना है और अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं 29 और 30 मई को मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। इस दौरान आंधी चलने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
मंगलवार सुबह से ही शहर की सड़कें सुनसान नजर आईं। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। दोपहर के समय बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ दिखाई दी। तेज धूप के कारण राहगीर सिर और चेहरे को कपड़े से ढककर निकलते नजर आए। गर्म हवा के चलते घरों में भी लोगों को राहत नहीं मिली।
बिजली की खपत 80 लाख प्रति यूनिट के पार
गर्मी बढ़ने से बिजली खपत में भी काफी इजाफा हुआ। जिले में बिजली की खपत 80 लाख प्रति यूनिट के पार हो गई। ओवरलोड होने के कारण कटों में भी इजाफा हुआ जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई। वहीं अस्पतालों में भी गर्मी से प्रभावित मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। सरकारी और निजी अस्पतालों में उल्टी, चक्कर, डिहाइड्रेशन और बुखार की शिकायत लेकर मरीज पहुंच रहे हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष रूप से धूप से बचाने की सलाह दी गई है।
वर्जन
फिलहाल अगले दो दिन तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। पश्चिमी और गर्म हवा के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। 29 और 30 मई को मौसम में बदलाव होगा। आंधी के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना बनेगी।
-डॉ. राजेश, मौसम वैज्ञानिक, पांडू-पिंडारा जींद