अलेवा। जींद-असंध मार्ग पर स्थित अलेवा की जय बाबा धूणे वाला विकलांग गोशाला के पास शुक्रवार दोपहर को खेत में काम कर ही महिला के पास पानी पीने के बहाने बाइक पर सवार होकर आया युवक बाली व सोने का लोकेट झपटकर फरार हो गया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने मौके पर पहुंचकर मामले की सूचना अलेवा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अलेवा थाना कार्यकारी प्रभारी एएसआई जयवीर सिंह पुलिस टीम व सीआईए पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। अलेवा थाना पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर अज्ञात बाइक सवार युवक के खिलाफ छीनाझपटी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अलेवा गांव निवासी माया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गोशाला से गांव जाने वाले रास्ते के समीप खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आया युवक पानी पीने के बहाने उसके पास आया और उसके गले से सोने का लॉकेट व बाली झपटकर फरार हो गया। अलेवा थाना पुलिस ने महिला माया की शिकायत पर अज्ञात बाइक सवार युवक के खिलाफ छीनाझपटी का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी। अलेवा थाना के कार्यकारी प्रभारी एएसआई जयवीर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। दोनों रास्तों पर नाकेबंदी की गई लेकिन आरोपी युवक का कोई सुराग नहीं लगा। फिलहाल अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।