जींद। गांव बड़ौद में जिला प्रशासन की ओर से रात्रि ठहराव का आयोजन डीसी मोहम्मद इमरान रजा की अध्यक्षता में किया गया। रात्रि ठहराव कार्यक्रम में बिजली, पानी, सड़क, परिवहन सेवा और परिवार पहचान पत्र को दुरुस्त करने जैसी विभिन्न विभागों से संबंधित 101 समस्याएं प्राप्त हुई।
रात्रि ठहराव कार्यक्रम में बड़ौद गांव के जिले सिंह ने दरखास्त दी कि उन्हें राज्य सरकार की योजना अनुसार गांव की पंचायती भूमि से प्लाॅट आवंटित हुआ था जिसकी रजिस्ट्री अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। वहीं महिलाओं की ओर से डीसी के समक्ष शिकायत रखी गई कि गांव की बस्ती के अंदर शराब का ठेका है, उसको हटाया जाए।
सामूहिक रूप से पीएमएवाई के तहत मकान व प्लॉटों के लिए आए आवेदनों पर कहा कि सरकार ने जो-जो योजनाएं चलाई हैं, उसके लिए पात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ अवश्य दिया जाएगा। बड़ौद गांव के युवाओं की ओर से रखी गई स्टेडियम की मांग पर डीसी ने कहा कि ग्राम पंचायत के जमीन उपलब्ध कराने पर स्टेडियम का निर्माण करवा दिया जाएगा।
गांव के मोतीराम ने शिकायत में कहा कि वह दिव्यांग हैं और उनका दिव्यांगता प्रमाण पत्र गुम हो गया है। बिजली के समाधान के लिए उन्होंने कहा कि आपके गांव में जगमग योजना के तहत बिजली कनेक्शन लगभग पूरे कर लिए गए हैं और शीघ्र ही योजना के तहत ग्रामीणों को पूरी बिजली उपलब्ध करवाने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने रात्रि दरबार में समस्याएं सुनने से पहले बड़ौद गांव के राजकीय प्राथमिक स्कूल में पहुंचकर विद्यार्थियों को दी जा रही मिड डे मिल, पाठन सामग्री, बिजली, पानी, साफ.-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
वहीं पुलिस अधीक्षक कुलदीप ने ग्रामीणों को नशा मुक्त जीवन, यातायात नियमों के पालन और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी और ग्रामीणों से कहा कि ऑनलाइन फ्रॉड की स्थिति में तुरंत 1930 पर कॉल करें।
इस मौके पर एडीसी विवेक आर्य, एएसपी सोनाक्षी सिंह, एसडीएम पुलकित मल्होत्रा, नगराधीश डॉ. आशीष देशवाल, आरटी गिरीश कुमार, रोडवेज महाप्रबंधक राहुल जैन, डीआरओ राजकुमार, डीडीपीओ संदीप भारद्वाज, बीडीपीओ नरेश शर्मा भी मौजूद रहे।
18जेएनडी04-बड़ौद गांव में आयोजित रात्रि ठहराव में पहुंचे अधिकारी। स्रोत प्रशासन