संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। एडीसी प्रदीप कुमार ने निर्देश दिए कि समाधान शिविर और सीएम विंडो पर आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन विभागों में शिकायतों की पेंडेंसी अधिक है, वे एक सप्ताह के भीतर लंबित मामलों की संख्या कम करें और समाधान की गई शिकायतों की एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) पोर्टल पर अपलोड करें।
शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में समाधान प्रकोष्ठ के तहत प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए एडीसी ने ये निर्देश दिए। इससे पहले चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उच्च अधिकारियों ने जिला उपायुक्तों को समाधान शिविर और अन्य जनसंवाद पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निपटारे के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एडीसी प्रदीप कुमार ने कहा कि अधिकारी शिकायतकर्ता को बुलाकर उसकी समस्या को समझें और संतुष्टिपूर्ण समाधान करें, ताकि एक ही शिकायत बार-बार समाधान शिविर या सीएम विंडो पर न पहुंचे।
शिकायतों का निपटारा केवल औपचारिकता के तौर पर न किया जाए, बल्कि समस्या का वास्तविक समाधान किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का समाधान संभव है, उनका प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए। जिन मामलों का समाधान संभव नहीं है, उनमें नियमानुसार जांच रिपोर्ट और स्पष्ट कारण दर्ज करते हुए पोर्टल पर स्थिति अपडेट की जाए। शिकायत का समाधान होने के बाद संबंधित अधिकारी एटीआर अपलोड करना भी सुनिश्चित करें। इस दौरान एसडीएम सत्यवान मान, सीटीएम मोनिका रानी भी मौजूद रही।