संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की शनिवार को लघु सचिवालय में हुई बैठक में सांसद रमेशचंद्र कौशिक ने अधूरे विकास कार्यों पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से कहा कि वे इस वर्ष के अंत तक अधूरे कार्यों को हरहाल में पूरा कराएं। विकास कार्यों में किसी तरह की उदासीनता नहीं होनी चाहिए।
बैठक में विधायक कृष्ण मिड्ढा ने श्रम विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। सांसद रमेश चंद्र कौशिक ने श्रम विभाग के कर्मचारी से जब इसके बारे में जानकारी ली तो उन्होंने कहा कि ऑनलाइन काम होने के कारण गड़बड़ी के बारे में उनको जानकारी नहीं मिलती। सांसद ने भिवानी रोड फाटक पर बने अंडरपास में गड़बड़ी के बारे में रेलवे के कर्मचारी से पूछा तो उन्होंने कहा कि यह उनका कार्य नहीं है। इस पर सांसद ने कहा कि अगर यह काम तुम्हारा नहीं है तो यहां किसलिए आए हो। सांसद ने रेलवे विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि देवीलाल चौंक पर लाइन के नीचे से पैदल अंडर पास बनवाएं ताकि पैदल चलने वालों को दिक्कत न हो। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों से जींद से गुजरने वाले राजमार्गों के बारे में भी जानकारी ली और कहा कि आगामी एक वर्ष तक सभी मार्गों के अधूरे पड़े कार्य को पूरा करवाएं। सांसद ने जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम की ग्राउंड रिपोर्ट जानी और दिसंबर तक इस योजना के अधूरे पड़े कार्यों को पूरा करने बारे कहा। शहर में कैनाल बेस पानी की सप्लाई को भी जल्द देने की बात अधिकारियों से कही। कहा कि मनरेगा स्कीम के तहत गांवों में जितने भी विकास कार्य चल रहे हैं। उन्हें जल्द पूरा करवाया जाए। पूरे हो चुके निर्माण कार्य को जनप्रतिनिधियों द्वारा उद्घाटन करवाकर जनता को समर्पित करें। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की समीक्षा की और सड़कों के मध्य चल रहे कार्यों को और गति देने के निर्देश दिए।
सांसद ने दीनदयाल उपाध्याय, ग्राम ज्योति योजना के तहत गांवों में बिजली की सप्लाई सही व लटकी हुई तारों को जल्द से दुरुस्त करवाने, पटियाला चौंक से टेंडरी मोड़ तक सड़क को चौड़ा व डिवाइडर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों में सफाई व्यवस्था रखने पर जोर दिया। उन्होंने बरसोला स्कूल के मेन गेट को जल्द ही बनवाने के निर्देश दिए।
रिंग रोड की डीपीआर जल्द बनवाएं
सांसद ने हिसार नेशनल हाईवे के प्रोजेक्ट निदेशक से कहा कि जींद के रिंग रोड की डीपीआर जल्द बनवाकर काम शुरू कराएं। उन्होंने शहर में रोहतक रोड पर बनने वाले संत कबीर चौक के निर्माण कार्य को भी शीघ्र पूरा करने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने नेशनल हाई-वे अथॉर्टी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह शहर व आस-पास नेशनल हाई-वे पर लाइट लगवाने की व्यवस्था करवाएं, ताकि लोगों को अंधेरे के कारण दुर्घटना होने से बचाया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को देवीलाल चौक पर लाइट लगवाने एवं अंडर पास पर जल्द ही शेड लगवाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विधायक अमरजीत ढांडा, विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा, नगरपरिषद की चेयरपर्सन अनुराधा सैनी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अमर पाल राणा, डॉ. ओपी पहल, जवाहर सैनी मौजूद रहे।
बाक्स
इन कार्यों का किया सांसद ने शिलान्यास
सांसद रमेश चंद्र कौशिक ने जुलाना उपमंडल के लिजवाना कलां गांव में 10 लाख रुपये की लागत से बनी ब्राह्मण चौपाल, पौली गांव में 8 लाख रुपये की लागत से बनी ब्राह्मण चौपाल, मालवी गांव में 3 लाख रुपये की लागत से बनी ब्राह्मण चौपाल, अलेवा खंड के पेगां गांव में बनी चौपाल का उद्घाटन एवं जुलाना उपमंडल के मालवी गांव में पांच लाख रुपये की लागत से बनने वाली माली पाना चौपाल का शिलान्यास किया।