जींद। ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के आह्वान पर नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन जींद शाखा ने डिसिप्लिनरी कमेटी की सिफारिश के विरोध में एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन लोको लॉबी पर किया। कर्मचारियों ने कहा कि डिसिप्लिनरी कमेटी ने बिना यूनियन से वार्ता के रनिंग स्टाफ पर सिफारिशेंं थोपने का काम किया है।
शाखा सचिव मेहर सिंह ने सभी कर्मचारियोंं को डिसिप्लिनरी कमेटी की ओर से जारी की गई सिफारिशों के बारे में जानकारी दी। इसमें रनिंग स्टाफ को हानि होगी। 130 किलोमीटर घंटा से अधिक की गाड़ियों पर सह चालक के स्थान पर सहायक चालक लगाना, गाड़ी कार्य के दौरान भोजन और शौच आदि के लिए समय को नकारा जाना, ईएमयू गाड़ियों पर सहायक की व्यवस्था नहीं किया जाना, लोकोमोटिव में सीसीवीआरएस को जरूरी बताते हुए नहीं हटाया जाना आदि सिफारिशों का रनिंग स्टाफ की ओर से विरोध किया गया है। उन्होंने कहा कि अगर आने वाले समय में सरकार यूनियन से बिना वार्ता कर किसी प्रकार की सिफारिश रनिंग स्टाफ पर लागू की जाती है तो नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन विरोध करती रहेगी। इस मौके पर पर शाखा उपाध्यक्ष दिनेश कुमार मीणा, विपिन कुमार, सोनू, विनोद, रणवीर भारद्वाज, विनोद शर्मा, रोहताश मीणा और राहुल धीमान भी मौजूद रहे।