जींद। नागरिक अस्पताल में नए चिकित्सक मिलने के बाद अब स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लैब में होने वाले टेस्टों की संख्या को बढ़ाया जाएगा। अब तक जिला के नागरिक अस्पताल में 75 तरह की बीमारियों के टेस्ट होते थे। अब इनको बढ़ाकर 134 किया जाएगा। इससे मरीजों को लाभ मिलेगा और पीजीआई और बाहर की लैबों में होने वाले खर्च और परेशानी से छुटकारा मिलेगा। अगस्त माह के प्रथम सप्ताह में मशीनें पहुंचने के बाद जांच शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने सब सेंटर से लेकर जिला स्तर पर होने वाले सभी बीमारियों के टेस्टों की संख्या को बढ़ाने का निर्णय लिया है जिस बीमारी की जांच सब सेंटर पर नहीं हो सकती, उनको जिला स्तर के अस्पताल पर रेफर करने का प्रावधान है। इसमें स्वास्थ्य विभाग ने सब सेंटर, पीएचसी, सीएससी एसडीएच और जिला स्तर के नागरिक अस्पताल तक सभी गंभीर बीमारियों की जांच करनी अनिवार्य की है।
पीएचसी से जिला स्तर के अस्पताल में रेफर की व्यवस्था भी निर्धारित की है। जिस बीमारी की जांच पीएचसी समेत अन्य अस्पतालों में हीं होगी। उन बीमारियों के सैंपल लेकर जिला स्तर के अस्पताल में पहुंचाने होंगे। इसके बाद सैंपल की रिपोर्ट भी वापस संबंधित अस्पताल को जाएगी। इसमें मरीज को खुद जिला स्तर के अस्पताल के चक्कर काटने से छुटकारा मिलेगा। जिला नागरिक अस्पताल में पहले केवल 75 तरह की बीमारियों की जांच होती थी। इसके बाद पीजीआई ही रेफर किया जाता था।
नागरिक अस्पताल में जांच के लिए आएगी 20 मशीनें
पिछले सप्ताह चंडीगढ़ में हुई बैठक में जिला के सभी अस्पतालों की लैब में इन टेस्टों को अनिवार्य किया गया है। जिस स्तर के अस्पताल में टेस्ट की सुविधा नहीं है। उनसे जरूरत के उपकरणों की सूची मांगी गई है, ताकि सभी अस्पतालों में जांच के लिए उपयुक्त मशीन पहुंचाई जा सके। जिला के नागरिक अस्पताल में लगभग 20 जांच की मशीन आएंगी। इनकी रिपोर्ट भेज दी गई है।
अगस्त के दूसरे सप्ताह तक पीएचसी, सीएससी, सब सेंटर, एसडीएच व नागरिक अस्पताल में यह सभी तरह की जांच शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं। इस समय तक जरूरत की मशीन और रीजेंट लैब में भेज दी जाएंगी ताकि मरीजों की सभी बीमारियों की जांच को तुरंत प्रभाव से शुरू किया जा सके।
इस प्रकार होंगी अस्पतालों में जांच
सब सेंटर - 14
पीएचसी - 64
सीएससी - 97
एसडीएच -111
जिला स्तर के नागरिक अस्पताल में - 134
नागरिक अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयासरत है। अब मुख्यालय के निर्देशों पर अस्पताल की लैब में टेस्टों की संख्या बढ़ाकर 134 की जाएगी। यह संख्या सब सेंटर से लेकर जिला स्तर के सभी अस्पतालों में बढ़ेगी। मरीजों को गंभीर बीमारियों की जांच के लिए अब न तो लंबा इंतजार करना होगा और न ही पीजीआई पर निर्भर रहना होगा। अस्पताल में अगस्त माह में इनके लिए मशीन पहुंच जाएगी। इसके बाद सब सेंटर से जिला अस्पताल तक सभी स्थानों पर निर्धारित संख्या में टेस्ट शुरू हो जाएंगे।
-डॉ. सुमन कोहली, सिविल सर्जन नागरिक अस्पताल जींद।