राजकीय महाविद्यालय में प्राप्त आवेदनों की हार्ड कॉपी की छंटनी करते स्टाफ कर्मचारी।
- फोटो : bureau
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एक हजार से ज्यादा विद्यार्थी आवेदन की हार्ड कॉपी जमा नहीं करवाने के कारण आवेदन प्रक्रिया से बाहर हो गए हैं। बृहस्पतिवार रात्रि 12 बजे तक यूजी प्रथम (अंडर ग्रेजुएट) में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन लिए गए। शुक्रवार को आवेदन की हार्ड कॉपी जमा करवाने का अंतिम दिन था।
अंतिम दिन शुक्रवार को 120 विद्यार्थियों ने आवेदन की हार्ड कॉपी महाविद्यालय में जमा करवाई। इस बार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पिछले साल की तुलना में ज्यादा आवेदन आए हैं। पिछले साल 5800 के लगभग विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, वहीं इस बार 6500 से ज्यादा आवेदन आए। इनमें से कुल 5382 विद्यार्थियों ने आवेदन की हार्ड कॉपी महाविद्यालय में जमा करवाई है। अकेले बीए प्रथम में दाखिले के लिए तीन हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से केवल 2514 विद्यार्थियों ने ही महाविद्यालय में आवेदन की हार्ड कॉपी जमा करवाई है। इसके बावजूद बीए प्रथम में दाखिले के लिए निर्धारित 500 सीटों पर पांच गुना से ज्यादा विद्यार्थी दाखिले के लिए दावा कर रहे हैं। वहीं लगभग 1400 सीटों 5382 विद्यार्थियों के आवेदन बचे हैं। गौरतलब है कि विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने के पश्चात आवेदन की हार्ड कॉपी संबंधित महाविद्यालय में जमा करवानी अनिवार्य है, आवेदन की हार्ड कॉपी जमा करवाने वाले विद्यार्थियों के आधार पर ही मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी। पहली मेरिट लिस्ट पांच जुलाई को लगेगी।
हार्ड कॉपी जमा करवाने वालों के ही आवेदन मान्य
शुक्रवार को आवेदन की हार्ड कॉपी जमा करवाने का अंतिम दिन था। अब जिन विद्यार्थियों ने आवेदन की हार्ड कॉपी जमा करवाई है, उन्हीं के आवेदन मान्य होंगे और इसी के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार होगी।
- डॉ. आरके हुड्डा, प्राचार्य
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जींद।