कैथल। अनाज मंडियों में गेहूं की आवक ने जोर पकड़ लिया है। मंगलवार को कैथल नई अनाज मंडी में करीब डेढ़ लाख क्विंटल गेहूं की आवक हुई। वहीं जिस गति से आवक हो रही है, उस गति से उठान न होने के कारण किसानों एवं आढ़तियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मंडी में गेहूं के कट्टों के अंबार लग गए हैं। जिसका उठान न होने के कारण गेहूं डालने की जगह कम बची है। आढ़तियों की मांग है कि उठान के लिए ट्रैक्टर-ट्राली की अनुमति दी जाए, ताकि उन्हें ट्रकों के भरोसे न रहना पड़े।
मंगलवार को डेढ़ लाख क्विंटल आवक
नई अनाज मंडी में करीब डेढ़ लाख क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी है। आढ़तियों का कहना है कि कई ट्रक चालक जहां उठान के लिए अवैध वसूली कर रहे हैं। वहीं ट्रक उपलब्ध ही नहीं हो पा रहे हैं। उन्हें खरीदी गई गेहूं के उठान करवाने में परेशानी हो रही है।
मंडी में जगह-जगह कट्टों के अंबार लग गए हैं। नई अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान सुरेश मित्तल का कहना है कि मंडी में सबसे ज्यादा परेशानी उन्हें गेहूं के उठान को लेकर ट्रांसपोर्ट की आ रही है। उन्हें ट्रक उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। जो आ रहे हैं, वे अन्य कार्यों में व्यस्त हैं। उन्हें बारदानें तक के लिए स्वयं ट्रकों का प्रबंध करना पड़ रहा है। मंडियों में भीड़भाड़ को देखते हुए 15 दिनों के लिए ट्रैक्टर-ट्राली चलाने की अनुमति दी जाए।
आवक एकदम आने से दिक्कत
इस संबंध में मार्केट कमेटी सचिव रविंद्र सैनी का कहना है कि उठान को लेकर उन्होंने डीएफएससी से भी बात की थी। वे प्रयास करेंगे कि शीघ्रता से उठान होता रहे।
वहीं डीएफएससी सुरेंद्र कुमार का कहना है कि इस बारे में ठेकेदार से बातचीत की गई है। आवक एकदम हो जाने के कारण सारे गेेहूं का एक ही समय में उठान संभव नहीं है। फिर भी प्रयास किया जा रहा है कि शीघ्रता से गेहूं का उठान होता रहे। वे ठेकेदार से फिर बात करके निर्देश जारी करेंगे।
जिले भर में नौ लाख क्विंटल की आवक
डीसी एनके सोलंकी ने बताया कि जिले भर में नौ लाख 19 हजार 920 क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी है। जिसे विभिन्न एजेंसियों द्वारा खरीदा गया है। मंडियों में पूंडरी के लिए एडीसी अरविंद मल्हान, कैथ के लिए एसडीएम नरहरि सिंह बांगड़, गुहला के लिए एसडीएम गुहला तथा डीआरओ सुभाष महत्ता को पाई मंडी, डीडीपीओ सुरेंद्र कुमार को कलायत मंडी, तहसीलदार कैथल रोशन लाल को ढांड मंडी तथा नायब तहसीलदार सीवन को सीवन मंडी का नोडल अधिकारी नामांकित किया गया है।