संवाद न्यूज एजेंसी
नरवाना। बड़नपुर गांव में गंदे पानी की निकासी की समस्या को लेकर ग्रामीणों का धरना बुधवार को आठवें दिन भी जारी रहा। इस समस्या के समाधान को लेकर प्रशासन गांव में पहुंचा, लेकिन विरोध और आपसी सहमति न बनने के कारण प्रशासन बिना किसी समाधान के वापस लौट गया।
गांव में गंदे पानी की निकासी नहीं होने से गलियों और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी मांग को लेकर ग्रामीण पिछले आठ दिनों से धरने पर बैठे हैं।
बुधवार को धरने पर बैठे ग्रामीणों को सूचना मिली थी कि बीडीपीओ शमशेर नैन पुलिस प्रशासन के साथ गांव पहुंचेंगे। मौके पर दो जेसीबी मशीनें और पाइप भी लाए गए थे ताकि तालाब की खुदाई और पानी निकासी व्यवस्था को लेकर काम शुरू किया जा सके।
इसी दौरान गांव का दूसरा पक्ष भी प्रशासन के सामने पहुंच गया। दूसरे पक्ष के लोगों ने तालाब की खुदाई और प्रस्तावित पानी निकासी मार्ग का विरोध किया। उनका कहना था कि पानी की निकासी दूसरी दिशा में की जाए ताकि गांव में किसी तरह का विवाद पैदा न हो।
इसके बाद दूसरे पक्ष की ओर से बीडीपीओ को एक लिखित पत्र सौंपा गया जिसमें दस दिन का समय मांगा गया। पत्र में मांग की गई कि गांव की समस्या का समाधान पंचायती स्तर पर आपसी सहमति से किया जाए।
20जेएनडी24-बड़नपुर गांव में कार्रवाई के लिए पहुंचा पुलिसबल। संवाद