फोटो 3 नरवाना। विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए विद्यालय स्टाफ सदस्य। स्रोत
नरवाना। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बेलरखा के विद्यार्थी नीतीश ने विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। नीतीश का लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास), हिसार में वेटरनरी सर्जन पाठ्यक्रम में दाखिला हुआ है। विद्यार्थी की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अध्यापक प्रदीप जागलान ने बताया कि नीतीश ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर प्रतिष्ठित संस्थान में दाखिला हासिल किया है। दाखिले के बाद विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य बलजीत गोयत ने नीतीश को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थी और उसके अभिभावकों के साथ-साथ शिक्षकों को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। प्रधानाचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता पूरे विद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने नीतीश को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए अन्य विद्यार्थियों से भी मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। विद्यालय प्रबंधन समिति के वरिष्ठ विंग प्रधान अमित कुमार और जूनियर विंग प्रधान बलविंदर शर्मा ने भी नीतीश, उसके अभिभावकों, प्रधानाचार्य और समस्त शिक्षकगण को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थी हर वर्ष देश और प्रदेश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश लेकर विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। संवाद