जींद। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी सांझा मोर्चा के बैनर तले एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल वीरवार को 14वें दिन भी जारी रही। धरने की अध्यक्षता राजेश अलेवा ने की, जबकि मंच का संचालन आशीष सिहाग ने किया।
वीरवार को एनएचएम कर्मियों ने स्टेट कमेटी के निर्देशानुसार भूख हड़ताल शुरू कर दी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के पांच कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठे। इनमें पूनम श्योकंद, सुनीता अलीपुरा, रीना, ममता, अंकिन शामिल हैं। इस दौरान एनएचएम कर्मियों ने सीएमओ कार्यालय के बाहर धरना दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जिला फार्मासिस्ट एसोसिएशन के जिला प्रधान मनीराम, प्रोमिला, पवन जैन ने कर्मियों का धरनास्थल पर पहुंच कर समर्थन किया।
राजेश अलेवा ने कहा कि एनएचएम कर्मचारी कई वर्षों से स्वास्थ्य विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैंं। बावजूद इसके सरकार उनकी मांगों की तरफ ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की अनदेखी के विरोध में एनएचएम के तहत चलने वाली सभी सेवाओं को पूर्णरूप से बंद कर दिया गया है। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि अगर समय रहते उनकी मांगों को पूरा नहीं करती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। उन्होंने कहा कि सरकार की अनदेखी के विरोध में एनएचएम के तहत चलने वाली सभी सेवाओं को पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया है। इससे लेबर रूम, नर्सरी, केएमसी यूनिट, रेफरल ट्रांसपोर्ट, मेंटल हेल्थ, स्कूल हेल्थ, आरबीएसके, आरकेएसके, एनसीडी, एनआरसी, टीबी व आयुष विभाग, पीपी सेंटर व रिपोर्टंग के कार्य शामिल हैं। इस अवसर पर डाइटीशियन सोनिया, राजरानी, शीतल, सुमित, कमलेश, बिमला, अमित लाड़वाल, डॉ. अजय मोर, डॉ. नविता, डॉ. संदीप शर्मा, प्रदीप रंगा, सुनील रधाना, बलराज, गौरव सहगल, जितेंद्र वत्स, रामफल, गीता, रेखा, प्रीति, कविता, उषा, सुनील रेढू, सुनील सैनी, डॉ. दीपक, डॉ. शुभम सैनी, कमलेश बधाना, सुमन, रोशनलाल, नवीन मौजूद रहे।
08जेएनडी02: नागरिक अस्पताल में मांगों को लेकर नारेबाजी करते हड़तालरत एनएचएम कर्मी। संवाद