जींद। ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 39.96 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में सदर थाना पुलिस ने करनाल के घरौंडा निवासी दंपती समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसमें पुलिस ने पंजाब के गुरदासपुर निवासी जसप्रीत संधु, करनाल के घरौंडा निवासी नीरज सैनी व उसके पति अजय सैनी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मुआना निवासी वीरेंद्र ने सदर थाना पुलिस सफीदों को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटे आकाश व जितेंद्र का बेटा सूरज काम की तलाश कर रहे थे। इस दौरान उनकी मुलाकात जसप्रीत व नीरज सैनी से हुई। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह दोनों को ऑस्ट्रेलिया में वर्क वीजा पर भेज देंगे। इसके लिए 40 लाख रुपये का खर्च आएगा। इसके चलते उन्होंने मार्च से लेकर अगस्त 2023 तक अलग आरोपियों को रुपये नकद, चेक व ऑनलाइन दिए। इसके बाद आरोपियों ने सूरज और आकाश को अमृतसर बुलाकर कहा कि उनका टिकट अमृतसर से ऑस्ट्रेलिया का बनेगा। दोनों को छह दिन अमृतसर में रखकर दिल्ली एयरपोर्ट से बैंकॉक भेज दिया गया। दिल्ली में आरोपियों का एक अन्य साथी था। उसी ने टिकट करवाया था। बैंकाक में आरोपियों के अन्य साथी मिले और उन्होंने कई दिनों तक उनको वहां पर रखा। वहां से आरोपी आकाश व सूरज को वियतनाम भेज दिए। इसके बाद मोरक्को में जांच करने पर पाया कि दोनों के ऑस्ट्रेलिया के वीजा फर्जी हैं। इस कारण उन दोनों को वापस भारत डिपोर्ट कर दिया गया। वापस आने पर आरोपियों से रुपये मांगे तो उन्होंने मना कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। सफीदों सदर थाना के एएसआई संदीप ने बताया कि पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।