27जेएनडी13: जुलाना में सड़क की खस्ता हालत। संवाद
जुलाना। जुलाना शहर के बाहर से बाईपास का निर्माण होने के बाद से शहर के अंदर से गुजरने वाला एनएच 352 खस्ताहाल हो चुका है। इस सड़क की मरम्मत करने के लिए जुलाना के लोग कई बार सरकार से गुहार लगा चुके थे। अब इसके जीर्णोद्धार का टेंडर हो गया है। 5 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण पर 9 करोड़ 25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। जल्द ही इसका वर्क अलॉट हो जाएगा। सड़क के बनने से शहर के लोगों को राहत मिलेगी।
जुलाना के ब्राह्मणवास गांव से लेकर सोनिया इंटरनेशनल स्कूल तक एनएच 352 की हालत खस्ता हो गई है। कई वर्ष से क्षेत्र के लोग इस सड़क को दोबारा से बनाने की मांग कर रहे थे, ताकि उनको परेशानी से छुटकारा मिल सके। सड़क पर काफी गहरे गड्ढे बने हुए हैं। कई बार हादसे भी हो चुके हैं। बारिश होने पर ब्राह्मणवास गांव के पास तो वाहन चालकों का निकलना दूभर हो जाता है। कई वाहन चालक तो हादसे का शिकार भी हो चुके हैं। अब जल्द ही लोगों को परेशानी से छुटकारा मिल जाएगा, क्योंकि सरकार ने सड़क को बनाने के लिए मंजूरी दे दी है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
चार साल से सड़क गड्ढों में तब्दील
लगभग चार साल से यह सड़क पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इस सड़क के निर्माण को लेकर जुलाना के लोग जिला उपायुक्त से लेकर सांसद तक गुहार लगा चुके थे। इसके कई बार टेंडर भी लगाए गए, लेकिन वह किसी न किसी वजह से छोड़ा नहीं जा सका। अब टेंडर होने से लोगों ने खुशी जाहिर की है।
जुलाना शहर के अंदर से चार लेन की सड़क बनाई जाएगी। इसके लिए 9 करोड़ 25 लाख रुपये का टेंडर हो चुका है। जल्द ही वर्क अलॉट करके काम शुरू कर दिया जाएगा। लोगों को हो रही परेशानी से निजात मिलेगी। -राजकुमार नैन, कार्यकारी अभियंता, पीडब्ल्यूडी, जींद।
27जेएनडी13: जुलाना में सड़क की खस्ता हालत। संवाद