जींद। शहर के पार्कों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य प्रमुख स्थानों पर आने वाले लोगों के लिए बैठने की सुविधा बढ़ाने की दिशा में नगर परिषद ने कदम उठाया है। नगर परिषद जींद की ओर से विभिन्न स्थानों पर आरसीसी बेंच लगाने के लिए 21 लाख 18 हजार 160 रुपये की अनुमानित लागत का टेंडर जारी किया गया है।
इसके तहत शहर में जरूरत के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर आरसीसी बेंच स्थापित की जाएंगी। इससे पार्कों में सुबह-शाम घूमने आने वाले लोगों, बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य नागरिकों को बैठने के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो सकेगा। शहर में कई सार्वजनिक स्थानों पर लोगों के बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।
विशेषकर बुजुर्ग और महिलाएं पार्क या अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कुछ समय आराम करने के लिए बैठने की जगह तलाशते हैं। आरसीसी बेंच लगने के बाद ऐसे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। टेंडर प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से की जा रही है। नगर परिषद की शर्तों के अनुसार कार्य का जिम्मा मिलने वाली एजेंसी को निर्धारित समय सीमा में बेंच स्थापित करने के साथ संबंधित कार्य को पूरा करना होगा।
बॉक्स
नगर परिषद की इस पहल से शहर के सार्वजनिक स्थलों की उपयोगिता बढ़ने के साथ नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधा मिलने की उम्मीद है। खासकर पार्कों में आने वाले लोगों को बैठने के लिए स्थायी व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी। शहरवासियों की मांग के अनुसार ही पार्कों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बेंच लगवाए जाएंगे।
-डॉ. अनुराधा सैनी चेयरपर्सन नगर परिषद जींद।