फोटो 3 नरवाना। बरसात से पहले एसडीएम ने नालों व सीवरेज व्यवस्था का जायजा लेते हुए। स्रोत प्रशासन
नरवाना। आगामी बरसाती मौसम को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को एसडीएम जगदीश चंद्र ने नगर परिषद अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सफाई व्यवस्था, नालों और सीवरेज सिस्टम का निरीक्षण किया।
उन्होंने जलभराव की आशंका वाले स्थानों का भी जायजा लिया और नगर परिषद अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने शहर के प्रमुख नालों, गलियों और जल निकासी व्यवस्था का अवलोकन कर पाया कि कई स्थानों पर नालों की सफाई की आवश्यकता है।
उन्होंने नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी ऋषिकेश और सचिव संदीप कुमार को निर्देश दिए कि बरसात शुरू होने से पहले सभी बड़े और छोटे नालों की व्यापक स्तर पर सफाई कराई जाए ताकि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
एसडीएम ने कहा कि बरसाती मौसम में थोड़ी-सी लापरवाही भी आमजन के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है। इसलिए सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। सीवरेज जाम होने से जलभराव के साथ-साथ संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। इसलिए इस समस्या का समय रहते समाधान जरूरी है।
एसडीएम ने सफाई के दौरान निकाले गए कचरे के उचित निस्तारण के भी निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों से शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग करने और कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालने की अपील की।
वर्जन
बरसात से पहले शहर के सभी नालों और सीवरेज लाइनों की सफाई पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। अधिकारियों को जलभराव संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने, सफाई कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने और निकाले गए कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
–जगदीश चंद्र, एसडीएम नरवाना।