26जेएनडी25 : जींद-सोनीपत ग्रीनफील्ड नेशनल हाईवे के निर्माण में लगे मजदूर। संवाद
जींद। जींद के लोगाें के लिए खास महत्व रखने वाले 80 किलोमीटर लंबे जींद-सोनीपत ग्रीनफील्ड नेशनल हाईवे 352-ए का तीन डेडलाइन बढ़ाने के बाद भी काम पूरा नहीं हो पाया है। अभी भी इसका 10 प्रतिशत काम बाकी है। कछुआ चाल से चल रहा निर्माण कार्य यदि समय पर होता तो लोगों को पिछले साल ही इस नेशनल हाईवे का लाभ मिल चुका होता। फिलहाल जींद से दिल्ली जाने में अभी लोगों को साढ़े तीन घंटे लगता है। इस नेशनल हाईवे के बनने के बाद यह सफर दो घंटे का रह जाएगा।
जिस समय इस नेशनल हाईवे का निर्माण शुरू हुआ था, उस समय इसको दिसंबर 2022 तक पूरा करना था, लेकिन समय पर काम नहीं हो पाया। ऐसे में इसकी डेडलाइन बढ़ाकर नवंबर 2023 कर दी गई। बाद में इसकी डेडलाइन फिर से एक बार बढ़ानी पड़ी और इसे मार्च 2024 कर दी गई। तीन डेडलाइन बीत जाने के बाद भी अभी हाईवे का काम अधूरा है। चार साल पहले जींद-सोनीपत ग्रीनफील्ड नेशनल हाईवे 352- ए का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। यह नेशनल हाईवे सोनीपत जिले के मुरथल से गुजर रहे नेशनल हाईवे नंबर 44 से शुरू होकर सोनीपत और गोहाना से होते हुए जींद तक आता है। लगभग 80 किलोमीटर लंबे इस नेशनल हाईवे के निर्माण पर एनएचएआई लगभग 799 करोड़ की राशि खर्च कर रहा है। नेशनल हाईवे नंबर 352-ए का निर्माण कार्य पूरा हो जाने के बाद जींद से सोनीपत पहुंचने में महज 50 मिनट लगेंगे। फिलहाल जींद और सोनीपत तक दो घंटे तक लग जाते हैं। यह नेशनल हाईवे जींद से गोहाना, सोनीपत और दिल्ली तक पहुंचने का सबसे छोटा मार्ग होगा। पहली इसकी डेडलाइन
साढ़े तीन की बजाय दो घंटे में दिल्ली
यह नेशनल हाईवे सोनीपत जिले के ईसापुर खेड़ी गांव के पास दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस वे से जुड़ा है। इस नेशनल हाईवे का निर्माण पूरा हो जाने के बाद जींद से दिल्ली जाने का यह सबसे छोटा रास्ता होगा। इसमें सबसे कम समय और ईंधन लगेगा। फिलहाल जींद से दिल्ली जाने के लिए जींद से गोहाना, सोनीपत तथा वाया रोहतक और बहादुरगढ़ दो रास्ते हैं। जींद से सोनीपत होकर दिल्ली जाने में लगभग दो घंटे तो सोनीपत तक लग जाते हैं। इसके बाद डेढ़ घंटे का समय दिल्ली तक पहुंचने में लग जाता है, इसलिए दिल्ली जाने तक साढ़े तीन घंटे लग जाते हैं। नेशनल हाईवे 352-ए बनने के बाद दो घंटे में वाहन दिल्ली पहुंच जाएंगे।
पिछले सप्ताह ही एनएचएआई अधिकारियों की बैठक बुलाई थी। नेशनल हाईवे 352-ए का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि जल्द निर्माण पूरा नहीं किया गया तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है। अधिकारियों ने जल्द ही निर्माण पूरा करने का आश्वासन दिया है। -मोहम्मद इमरान रजा, डीसी जींद।
26जेएनडी25 : जींद-सोनीपत ग्रीनफील्ड नेशनल हाईवे के निर्माण में लगे मजदूर। संवाद