संवाद न्यूज एजेंसी
नरवाना। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नरवाना रेलवे स्टेशन का कायाकल्प हो चुका है। करीब 25 करोड़ रुपये से तैयार इस स्टेशन में यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी वेटिंग समेत अन्य सुविधाएं मिलने लगी हैं। 17 जुलाई को जींद आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका औपचारिक लोकार्पण करके जनता को समर्पित करेंगे।
अमृत भारत स्टेशन योजना में देश के 1300 से अधिक रेलवे स्टेशनों के साथ नरवाना का पुनर्विकास हुआ है। इस योजना में हरियाणा के 15 रेलवे स्टेशन शामिल हैं। नरवाना के भवन का नवीनीकरण होने के साथ मुख्य प्रवेश द्वार, आधुनिक टिकट हॉल, एसी प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर एकदम बदल गया है।
यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह रेलवे स्टेशन अब एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं का आनंद दे रहा है। स्टेशन परिसर में प्रवेश करते ही यात्रियों को आधुनिक भारत की झलक दिखाई देगी। निर्माण और सौंदर्यीकरण के सभी काम पूरे हो चुके हैं। स्टेशन संचालन के लिए तैयार है। डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, लिफ्ट, सीसीटीवी निगरानी, एलईडी लाइटिंग, बायो-टॉयलेट की व्यवस्था है। रेन वाटर हार्वेस्टिंग भी की गई है। पार्किंग, कैंटीन, ग्रीन एरिया और बैठने की आरामदायक व्यवस्था भी की गई है। दिव्यांग यात्रियों के लिए रैंप, अलग टिकट काउंटर और विशेष शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
शहर की पहचान को मिलेगी नई ऊंचाई
आधुनिक स्वरूप में तैयार रेलवे स्टेशन से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में उत्साह है। उनके मुताबिक, यह स्टेशन नरवाना की पहचान को नई ऊंचाई देगा। यात्रियों की आवाजाही बढ़ने के साथ शहर की व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
750 करोड़ से बने मेडिकल कॉलेज का भी लोकार्पण
जींद। हैबतपुर गांव के पास 24 एकड़ में करीब 750 करोड़ से तैयार मेडिकल कॉलेज का 17 जुलाई को ही पीएम उद्घाटन करेंगे। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने एमबीबीएस की 50 सीटों की पढ़ाई की मंजूरी दी है। उम्मीद थी कि इसी शैक्षणिक सत्र से दाखिला शुरू हो जाएंगे लेकिन अभी हो नहीं पाए हैं। इसके लिए राज्य सरकार और संबंधित विभागों से अंतिम औपचारिकताएं करना शेष है। कॉलेज में शैक्षणिक भवन, प्रशासनिक ब्लॉक, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, छात्र-छात्राओं के हॉस्टल और अन्य सुविधाएं विकसित की हैं।
मेडिकल कॉलेज शुरू होने से जींद सहित आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को मेडिकल शिक्षा हासिल करने में सहूलियत होगी। यहां के अस्पताल में उत्कृष्ट इलाज भी मिल सकेगा।
अत्याधुनिक मेडिकल उपकरण, डिजिटल क्लासरूम, आधुनिक लैब और प्रशिक्षण कक्ष की व्यवस्था भी है। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि तैयारियां लगभग पूरी हैं। सरकार से अंतिम मंजूरी मिलते ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
वर्जन
17 जुलाई को पीएम नरेंद्र मोदी मेडिकल कॉलेज का उदघाटन करेंगे। इस कॉलेज से जींद के आसपास के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।
-डॉ सुमन कोहली, सीएमओ, नागरिक अस्पताल जींद